Mukesh Bhakar Wedding Dispute: राजस्थान के लाडनूं से कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर की हाल ही में 9 मार्च को जयपुर में शादी हुई है. हालांकि यह शादी इसलिए चर्चाओं में है क्योंकि मुकेश भाकर जाट समाज से हैं और उन्हें मीणा समाज में शादी की है. यानी यह एक अंतरजातीय विवाह है. विवाह के दौरान ही जब निर्मल चौधरी शादी में शामिल हुए थे तो उनका बयान सामने आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं माता पिता का आज्ञाकारी पुत्र हूं. मैं उनके कहे अनुसार ही शादी करूंगा. इस बयान के बाद ही सियासी पारा चढ़ गया.
मील और बेनीवाल के बीच बयानबाजी से बढ़ा तनाव
वहीं, कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर के अंतरजातीय विवाह के मुद्दे पर जाट समाज के नेता राजाराम मील और RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल के बीच बयानबाजी विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक तनाव में बदल गया है. विवाद उस बयान से और बढ़ गया, जिसमें मील ने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त लोग अंतरजातीय विवाह कर सकते हैं. इस पर बेनीवाल और उनके समर्थकों ने आपत्ति जताई और इसे समाज की परंपराओं के खिलाफ बताया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी तेज हो गई.
मील के जयपुर आवास पर युवाओं का विरोध
जाट समाज के नेता राजाराम मील के जयपुर आवास पर कुछ युवाओं ने उनके बयान का विरोध किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवाओं को हिरासत में लिया लेकिन बाद में मील ने उन्हें माफ कर दिया और किसी तरह की शिकायत देने से इनकार कर दिया. 19 मार्च को मील के आवास पर जाट समाज के कुछ युवक पहुंच गए थे. उस समय मील घर पर मौजूद नहीं थे. युवाओं ने घर के बाहर नारेबाजी की, अपशब्द कहे और चेतावनी देकर लौट गए. घटना की जानकारी मिलने पर मील ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ युवाओं को हिरासत में लिया.
मामले में बाद में मील ने खुद हस्तक्षेप किया और हिरासत में लिए गए युवाओं को छुड़वा दिया. मील ने कहा कि कुछ युवक गुमराह हो गए हैं, इसलिए वे ऐसी हरकत करने पहुंचे. उन्होंने इस पूरे मामले में कोई लिखित शिकायत देने से भी इनकार कर दिया.
जाट समाज के नेता ने की युवाओं से अपील
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में जाट समाज के नेता राजाराम मील ने कहा कि वे जाट समाज में किसी तरह का विवाद नहीं चाहते. उन्होंने समाज की एकता पर जोर देते हुए युवाओं से अपील की कि वे पढ़ाई करें और सरकारी सेवाओं में जाकर बड़े पदों पर पहुंचें. मील ने बिना नाम लिए इशारा किया कि कुछ नेता अपने स्वार्थ के लिए युवाओं को भटका रहे हैं और उन्हें गलत दिशा में ले जा रहे हैं.
इस विवाद की पृष्ठभूमि में मील और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के बीच तीखी बयानबाजी रही है. राजस्थान जाट महासभा के अध्यक्ष मील और बेनीवाल के बीच हाल ही में विवाद सामने आया, जो मुकेश भाकर के अंतर्जातीय विवाह पर बयान, व्यक्तिगत आरोपों और जाट समाज के भीतर नेतृत्व की खींचतान से जुड़ा है.
यह विवाद केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा बल्कि जाट समाज के भीतर नेतृत्व और प्रभाव को लेकर भी तनातनी के रूप में देखा जा रहा है. पूरे घटनाक्रम के बाद समाज और राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
यह भी पढ़ेंः Rajasthan: महिला की शादी को कोर्ट ने कर दिया रद्द, घरवालों ने बिन पूछे बचपन में ही कर दिया था विवाह