Rajasthan Weather Update: राजस्थान में जून के महीने में आम जनता को भीषण गर्मी और सुहावने मौसम दोनों का ही मिला-जुला अनुभव देखने को मिला है. जहां जून के शुरुआती हफ्ते में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने लोगों का पसीना छुड़ाते हुए उन्हें घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया था, वहीं दूसरे हफ्ते के बाद से राज्य के कई हिस्सों में हुई लगातार प्री-मानसून बारिश ने तपिश से काफी राहत दी है.
इस बारिश के चलते औसतन तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. अब जब जून का महीना समाप्त होने की कगार पर है, तब मानसून की बढ़ती चाल को देखकर लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या जुलाई में भी मौसम ऐसा ही खुशनुमा बना रहेगा. इन तमाम सवालों के बीच मौसम विभाग (IMD) ने जुलाई के पहले सप्ताह का ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए प्रदेश के सात संभागों में आंधी-तूफान और झमाझम बारिश का 'यलो अलर्ट' जारी कर दिया है.

आगामी 8 दिनों की गतिविधियों का पूर्वानुमान
Photo Credit: NDTV
अगले 8 दिनों के मौसम का पूरा हाल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार अब तेजी से बढ़ रही है. इसके प्रभाव से आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आएगी, जिससे लोगों को उमस भरी भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने आगामी 8 दिनों की गतिविधियों का पूर्वानुमान जारी किया है.
29 जून से 2 जुलाई तक (तेज आंधी और मध्यम बारिश)
इस चार दिनों के दौरान राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला रहेगा. राज्य में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है.
इसके तहत पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, और धौलपुर जिलों में तेज आंधी और आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बौछारें पड़ सकती हैं.
वही पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, चूरू, नागौर और श्रीगंगानगर में भी मौसम का मिजाज बदलेगा और धूलभरी हवाओं के साथ मेघगर्जन की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी.
3 जुलाई से 6 जुलाई तक बारिश रहेगी बरकरार
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, जुलाई के पहले सप्ताह के उत्तरार्ध में मानसूनी हवाओं का रुख राजस्थान की ओर बढ़ने लगेगा. इसके चलते बारिश की गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. मौसम विभाग ने विशेष रूप से कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में 3 से 5 जुलाई के बीच मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी करते हुए अलर्ट रहने को कहा है.
Advance of Southwest Monsoon 2026
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 28, 2026
❖ The Northern Limit of Monsoon continues to pass through 20°N/60°E, 20°N/65°E, 20°N/70°E, Surat, Indore, Mandla, Daltonganj, Motihari and 28.3°N/83°E as on 28th June.
❖ Conditions are favourable for further advance of southwest monsoon… pic.twitter.com/TE18mKHAJz
राजस्थान में मानसून की एंट्री कब
प्रदेश में मानसून की एंट्री की संभावित तिथि 20 जून मानी जाती है लेकिन फिलहाल राजस्थान से मानूसन की दूरी करीब एक हजार किलोमीटर की है. दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार की ओर तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों में मानसून इन राज्यों के और हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ में भी आगे बढ़ सकता है.मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बन रही हैं .मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मानसून की प्रगति पिछले सप्ताह कुछ धीमी हुई है. ऐसे में यदि इसकी रफ्तार जल्द नहीं बढ़ती है तो राजस्थान में मानसून की एंट्री जून के अंतिम सप्ताह या सामान्य तिथि के आसपास ही होने की संभावना है.
देश में मानसून की स्थिति और तापमान का गणित
मौसम केंद्र की 28 जून की रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों से होकर गुजर रही है. आगामी 3-4 दिनों में इसके गुजरात, एमपी, छत्तीसगढ़, यूपी और उत्तराखंड के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं.
हालांकि, इस राहत के बीच आगामी 3-4 दिन जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने तथा हवा में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना भी करना पड़ सकता है. लेकिन 2 जुलाई की शाम से दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर तेज होते ही इस उमस से निजात मिलने की संभावाना जताई गई है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में दो दिन में मानसून की एंट्री की आहट, 20 जिलों में बारिश का अलर्ट