राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू का नाम बदलकर ‘आबू राज' किए जाने की घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज राजस्थान विधानसभा में इस महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा की, जिसके बाद आबू क्षेत्र सहित पूरे सिरोही जिले में उत्साह का माहौल बन गया.
इस घोषणा के बाद स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए स्वागत किया. आबू राज क्षेत्र में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर अपनी खुशी जाहिर की. कई स्थानों पर लोगों ने एकत्रित होकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और इस फैसले को क्षेत्र की अस्मिता और गौरव से जोड़कर देखा.
‘आबू राज' करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी
गौरतलब है कि माउंट आबू का नाम बदलकर ‘आबू राज' करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी. इस मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक समाराम गरासिया, मंत्री ओटा राम देवासी सहित कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और संत-महात्माओं द्वारा लगातार आवाज उठाई जा रही थी. विभिन्न मंचों और कार्यक्रमों के माध्यम से इस विषय को प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद राज्य सरकार ने इस मांग को स्वीकार करते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिया.
''इस निर्णय से क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी''
स्थानीय लोगों का कहना है कि ‘आबू राज' नाम क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा. नागरिकों का मानना है कि इस निर्णय से क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और पर्यटन के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा. यंहा ब्रह्माकुमारीज का अंतराष्ट्रीय मुख्यालय होने से देश के साथ दुनिया के 140 देशों में भी नाम होगा.
घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ नजर आई, जहां लोग एक-दूसरे को बधाई देते दिखाई दिए. नागरिकों ने उम्मीद जताई कि इस ऐतिहासिक फैसले से आबू राज को विकास के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत होगी.