राजस्थान में थर्ड ग्रेड टीचर के तबादलों की मांग को लेकर धरना जारी है. जयपुर के शहीद स्मारक पर हजारों शिक्षक जयपुर के शहीद स्मारक पर धरना दे रहे हैं. बुधवार (5 अगस्त) सुबह से प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन शाम होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया. वहीं, शिक्षकों का कहना है कि प्रदेश में थर्ड ग्रेड टीचर्स के तबादले लंबे समय से बंद हैं. इसी मांग को लेकर वे आंदोलन कर रहे हैं.
शिक्षकों का आरोप- प्रशासन ने की सख्ती
शिक्षकों का आरोप है कि प्रशासन ने धरना खत्म करवाने के लिए सख्ती शुरू कर दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि धरनास्थल पर बिजली बंद कर दी गई है, पानी की व्यवस्था रोक दी गई है और शौचालय भी बंद करवा दिए गए हैं, जिससे खासकर महिला शिक्षिकाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कई वर्षों से ट्रांसफर का इंतजार
कई शिक्षकों ने बताया, "वे 6-7 साल से एक ही जगह पर पोस्टेड है. अब उनकी शादियां हो चुकी है और बच्चे हो चुके हैं. हम परिवार से दूर रहने को मजबूर है और परिजनों को समय नहीं दे पा रहे हैं."
शिक्षा मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
इस बीच शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मिला. मुलाकात के बाद शिक्षा मंत्री ने कहा कि बातचीत सकारात्मक रही है और सरकार इस मुद्दे पर सकारात्मक सोच रखती है. हालांकि, शिक्षकों ने मंत्री के आश्वासन को पुरानी बात बताते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ भरोसे नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना इसी तरह जारी रखा जाएगा.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में मूक-बधिर छात्रों के प्रदर्शन के बाद सरकार का एक्शन, स्कूल के प्रिंसिपल पर गिरी गाज