Rajasthan News: राजस्थान विश्वविद्यालय में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर आयोजित होने वाली संगोष्ठी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. NSUI का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले कार्यक्रम के लिए अनुमति दी और फिर अचानक देर रात उसे रद्द कर दिया. इस फैसले से नाराज छात्र संगठन ने इसे पक्षपातपूर्ण कार्रवाई बताया है और अब कार्यक्रम को नए स्थान पर करने का फैसला लिया है.
कुलपति आवास के बाहर होगा आयोजन
शनिवार को होने वाला यह संगोष्ठी कार्यक्रम अब विश्वविद्यालय परिसर के बजाय कुलपति आवास के बाहर आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में चौमू से विधायक शिखा मील बराला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. इसके अलावा कई छात्र नेता और कार्यकर्ता भी इसमें मौजूद रहेंगे. NSUI का कहना है कि कार्यक्रम हर हाल में होगा और इसके लिए वे पीछे नहीं हटेंगे.

NSUI ने लगाए गंभीर आरोप
संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार उन्होंने 9 अप्रैल 2026 को सीनेट हॉल में कार्यक्रम के लिए आवेदन किया था और 10 अप्रैल को उन्हें अनुमति भी मिल गई थी. लेकिन उसी दिन देर रात प्रशासन ने अनुमति रद्द कर दी. NSUI का आरोप है कि इस बारे में कुलपति और अन्य जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई है.
अन्य संगठनों पर भी उठाए सवाल
NSUI ने यह भी आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय में RSS और ABVP के कार्यक्रम बिना अनुमति के भी आयोजित हो रहे हैं, लेकिन उनके कार्यक्रम को रोका जा रहा है. संगठन ने यह भी कहा कि इससे पहले महात्मा ज्योतिबा फुले को राजनीति विज्ञान के पाठ्यक्रम से हटाने को लेकर भी विवाद हुआ था, जिससे यह मामला और संवेदनशील हो गया है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान के क्राइम ग्राफ में 18.77% की गिरावट, आधे रह गए लूट-डकैती के केस; क्लोज हुआ पेपर लीक का चैप्टर