विज्ञापन

राजस्थान में कब आएगा मानसून, बारिश कम होगी या ज्यादा? जान लें अपने हर सवाल का जवाब

राजस्थान में आंधी-बारिश ने भीषण गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन यह असली मानसून नहीं है. इस खबर में जानें प्रदेश में मानसून कब पहुंचेगा और खरीफ फसलों पर अल-नीनो का क्या असर होगा.

राजस्थान में कब आएगा मानसून, बारिश कम होगी या ज्यादा? जान लें अपने हर सवाल का जवाब
राजस्थान मौसम अपडेट: अभी हो रही बारिश मानसून है या प्री-मानसून? जानें अगले 5 दिनों कैसा रहेगा वेदर. (सांकेतिक तस्वीर)
IANS

Rajasthan News: आसमान में छाए काले बादल और तेज हवाओं ने भले ही राजस्थान को भीषण गर्मी से फौरी राहत दे दी हो, लेकिन इस आंधी-तूफान ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं. खेत की तरफ देखकर किसान सोच रहा है कि क्या बुवाई का वक्त आ गया है? आम आदमी कन्फ्यूजन में है कि क्या यही मानसून की पहली बारिश है? और अगर ऐसा नहीं है तो मानसून की दस्तक कब होने वाली है? सबसे बड़ा डर तो अल नीनो (El Nino) के कारण मानसून कमजोर पड़ने का लग रहा है, जिससे पानी की सप्लाई पर भी असर पड़ने का अनुमान है. अगर आप भी मौसम के इस बदलते मिजाज को लेकर उलझन में हैं, तो आइए आपके हर सवाल का जवाब जानते हैं...

1. क्या राजस्थान में मानसून आ गया है? अभी हो रही बारिश क्या है?

जवाब: नहीं, राजस्थान में अभी मानसून ने दस्तक नहीं दी है. इन दिनों जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और भरतपुर संभाग में जो तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है, वह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर है. यह एक प्री-मानसून (Pre-Monsoon) गतिविधि है जिसने गर्मी से तो राहत दी है, लेकिन कई जगह आफत भी बन गई है. हाल ही में भरतपुर और भीलवाड़ा में तेज अंधड़ के कारण हुए हादसों में दो लोगों की जान भी चली गई. मौसम विभाग ने आज भी अलवर, भरतपुर, जयपुर समेत 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.

2. राजस्थान में मानसून कब तक पहुंचेगा?

जवाब: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून को केरल में आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है. यह अपनी सामान्य तारीख (1 जून) से 3 दिन की देरी से पहुंचा है. आमतौर पर मानसून को केरल से राजस्थान तक का सफर तय करने में करीब 25 से 30 दिन का समय लगता है. अगर मानसून की चाल सही रही और आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो जून के आखिरी सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून राजस्थान में पूरी तरह प्रवेश कर जाएगा. मध्य जुलाई तक यह पूरे देश को कवर कर लेता है.

3. इस बार राजस्थान में बारिश कम होगी या ज्यादा?

जवाब: मौसम एजेंसियों और क्रिसिल की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अल नीनो (El Nino) का प्रभाव देखने को मिल सकता है. अल नीनो एक ऐसा क्लाइमेट इवेंट है जिसके कारण मानसून कमजोर पड़ता है. इसके असर से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और यूपी सहित कई बड़े कृषि राज्यों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया गया है.

4. बारिश कम होगी, तो किसानों की खरीफ फसलों का क्या होगा?

जवाब: कम बारिश के अनुमान के बावजूद राजस्थान के किसानों को बुवाई में दिक्कत नहीं आएगी, क्योंकि पश्चिमी राजस्थान के बांधों में फिलहाल क्षमता का 44% और उत्तरी क्षेत्र में 34% पानी मौजूद है, जो कि सामान्य से काफी बेहतर स्थिति है. हालांकि सीजन के बाद के महीनों में नमी की कमी, कीटों के बढ़ते हमले और खाद की संभावित किल्लत के कारण पैदावार/उपज में थोड़ी गिरावट आ सकती है.

5. अगले 5-6 दिनों तक राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?

जवाब: मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, 4 से 7 जून तक जयपुर, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की संभावना बनी रहेगी. बीकानेर और जोधपुर संभाग में 6 जून तक हल्की बारिश हो सकती है, जिसके बाद 7 जून को वहां मौसम शुष्क हो जाएगा. इसके बाद, 8 से 10 जून तक पूरे राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है. 

ये भी पढ़ें:- राजस्थान हाई कोर्ट ने पलटा भजनलाल सरकार का फैसला, अब गहलोत के प्लान अनुसार जयपुर में होगा ये काम

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com