राजस्थान में करीब एक हफ्ते देरी से आए मानसून ने 2 दिन में ही लगभग पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है. कल (4 जुलाई) को प्रदेश के पूर्वी जिलों से लेकर शाम होते-होते पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश का दौर शुरू हुआ. बारिश का दौर शुरू होते हुए प्रदेश में गर्मी से राहत मिली है. दोपहर बाद जोधपुर संभाग में अचानक मौसम ने करवट ली. इसके बाद रातभर से बरसात का दौर जारी है.
चित्तौड़गढ़ और जयपुर में जबरदस्त बारिश
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोधपुर और बालोतरा दौरा प्रस्तावित है. इससे एक दिन पहले शुक्रवार सुबह तेज बारिश शुरू हुई, जो शाम तक जारी रही. पश्चिमी राजस्थान के अलावा भी कई जिलों में मूसलाधार बरसात हुई. जयपुर के सांभर में 84 मिमी बारिश हुई. जबकि चित्तौड़गढ़ में करीब ढाई इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई. इसके साथ ही उदयपुर, टोंक, डूंगरपुर और बांसवाड़ा समेत कई जगहों पर भी बादल खूब बरसे.

बालोतरा में देर रात का नजारा.
कई शहरों में सड़कें जलमग्न
भारी बरसात के बीच कई जगहों पर तबाही के मंजर भी देखने को मिल रहे हैं. डूंगरपुर के मांडवा गांव में दो नाबालिग चचेरे भाई बिजली गिरने से झुलस गए. इनमें से एक की मौत हो गई है. राजधानी जयपुर में गुरुवार रात को सवाई मानसिंह के ऑपरेशन थिएटर में पानी भर गया तो शुक्रवार को टोंक रोड पर सड़क धंसने की तस्वीर सामने आई. कई शहरों में सड़कें जलमग्न नजर आई तो कई जगहों से सड़क धंसने और मिट्टी ढहने से गाड़ियों के फंसने की तस्वीरें भी दिखी.
आज 38 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने आज बीकानेर, फलोदी और जैसलमेर को छोड़कर प्रदेश के 38 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, जयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है.
अगले हफ्ते जयपुर, भरतपुर और कोटा में बारिश की संभावना
जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 5-7 दिन मानसून सक्रिय रहने व अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. इस दौरान पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी व कहीं-कहीं अतिभारी बारिश होने की संभावना है. जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी आगामी दिनों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है.
यह भी पढ़ेंः पीएम मोदी का आज राजस्थान दौरा, करोड़ों की परियोजनाओं की देंगे सौगात, पढ़िए प्रधानमंत्री के दौरे की लाइव अपडेट्स