राजस्थान के मौसम में एक बार फिर करवट ली है. पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधि भी दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान में भी 4 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर फिलहाल नहीं दिख रहा है. माउंट आबू और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा हुई, जबकि पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधि ज्यादा रही. राज्य में सबसे अधिक बारिश धौलपुर जिले के बाड़ी कस्बे में 40 मिमी दर्ज की गई. कई जगहों पर मेघगर्जन के साथ 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं.
अजमेर में तापमान 4.4 डिग्री
राज्य के 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है. जबकि लूणकरनसर में पारा 15.5 डिग्री रहा. अधिकतम तापमान कोटा और चित्तौड़गढ़ में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अजमेर में तापमान 4.4 डिग्री गिरकर 17.8 डिग्री तक पहुंच गया.
अगले 2 दिन ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग (IMD), जयपुर केंद्र ने 5 से 9 अप्रैल तक के लिए चेतावनी जारी की है. 5 अप्रैल को जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और 20-30 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है. 6 और 7 अप्रैल को कई जिलों में मध्यम चेतावनी (ऑरेंज अलर्ट) जारी की गई है. तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका है. 8 और 9 अप्रैल को कुछ पूर्वी जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि पश्चिमी भाग शुष्क रह सकते हैं.
*विशेष प्रैस विज्ञप्ति: राज्य में 6-8 अप्रैल को पुनः तेज आंधी बारिश व ओलावृष्टि अलर्ट।* pic.twitter.com/d1iAmEZ7r0
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) April 5, 2026
किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में पकी फसल और सब्जियों की सुरक्षा का खास ध्यान रखने की सलाह दी है. तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की जरूरत है. दोपहिया वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने की अपील की गई है.
इस मौसम परिवर्तन से गर्मी का असर कुछ कम हुआ है, लेकिन दिन के तापमान में अभी भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है. मौसम विभाग लगातार निगरानी रखे हुए है और आने वाले दिनों में और अपडेट जारी करेगा.
यह भी पढ़ेंः रविंद्र भाटी और छोटू सिंह रावणा के बीच टकराव की क्या है वजह, जो आर-पार के मूड में रावणा राजपूत समाज