ईद की रात उस समय मातम में बदल गई, जब जयपुर-दिल्ली हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, और एक युवक घायल हो गया. हादसा चंदवाजी क्षेत्र में ताला मोड़ स्थित लवाना पुलिया के पास देर शाम हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर हाईवे से गुजर रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी युवक सड़क पर दूर जा गिरे, और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर जाम
अस्पताल में डॉक्टरों ने ताला गांव निवासी मुस्तकीम शाह, अब्दुल मलिक और साहिल को मृत घोषित कर दिया. चौथे युवक सरफराज का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उसकी हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे जयपुर-दिल्ली हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया.
बाइक और बस जब्त
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया, और यातायात को सुचारू कराया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बस को जब्त कर लिया है, और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत; जानें अपने जिले के मौसम का हाल