विज्ञापन

राजस्थान के सलूंबर में 40 KM दूर तक फैली रहस्यमय बीमारी! अब तक 7 बच्चों ने तोड़ा दम, 25 मरीज अस्पताल में भर्ती

लसाड़िया की 5 मौतों के बाद अब 40 किमी दूर जलारा में 2 और मासूमों ने दम तोड़ा दिया है. उनमें भी वही बीमारी का सेम पैटर्न दिखा है. इस वक्त राज्य सरकार की ओर से 3,690 टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं. यहां पढ़ें अब तक का हर अपडेट.

राजस्थान के सलूंबर में 40 KM दूर तक फैली रहस्यमय बीमारी! अब तक 7 बच्चों ने तोड़ा दम, 25 मरीज अस्पताल में भर्ती
सलूंबर में 5 के बाद 2 और मासूमों की मौत, क्या 'लसाड़िया' से 'जलारा' तक फैल गई है रहस्यमय बीमारी?
NDTV Reporter

Salumber News: राजस्थान के सलूंबर जिले में बच्चों की रहस्यमय मौत का सिलसिला थमने के बजाय और भी डरावना होता जा रहा है. लसाड़िया ब्लॉक की घाटा पंचायत में 5 मासूमों की जान जाने के बाद अब जलारा क्षेत्र में भी 2 और बच्चों की मौत का मामला सामने आया है. इस नई घटना ने प्रशासन की चिंता इसलिए बढ़ा दी है क्योंकि जलारा का घटनास्थल पुरानी जगह से करीब 40 किलोमीटर दूर है. इसके साथ ही अब जिले में इस अज्ञात बीमारी से मरने वाले बच्चों की कुल संख्या 7 हो गई है.

प्राइवेट क्लीनिक और घर की दवा से बिगड़ा मामला

चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर महेंद्र कुमार ने NDTV राजस्थान को बताया, 'सलूंबर जिला अस्पताल में दो बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया, जिनमें एक मात्र 2 महीने का मासूम था और दूसरा साढ़े चार साल का बच्चा. 2 महीने के बच्चे को डायरिया की शिकायत थी, जिसके लिए परिजनों ने पहले उसे स्थानीय प्राइवेट क्लीनिक में दिखाया और घर में ही रखी कोई पुरानी दवा दे दी. वहीं साढ़े चार साल के बच्चे को उल्टी और बुखार था, जिसे भी एक प्राइवेट क्लीनिक ले जाया गया. लेकिन तबीयत अधिक बिगड़ने पर जब तक उसे अस्पताल लाया गया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इन दो नई मौतों के बाद चिकित्सा विभाग की टीमें तुरंत जलारा क्षेत्र में एक्टिव हो गई हैं और प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जा रही है.'

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV Reporter

उल्टी-दस्त और फिर शरीर में अकड़न का सेम पैटर्न

इस रहस्यमय बीमारी का पैटर्न बेहद डराने वाला है. इससे पहले उदयपुर मुख्यालय से 110 किमी दूर लसाड़िया के घाटा पंचायत में हुई 5 मौतों (दीपक, लक्ष्मण, सीमा, राहुल और काजल) के दौरान भी एक जैसे लक्षण देखे गए थे. परिजनों ने बताया था कि बच्चों को शाम या रात के समय हल्की उल्टी-दस्त होती थी और फिर अचानक शरीर में तेज अकड़न आ जाती थी. इसके बाद बच्चा बेहोश हो जाता और फिर उसे दोबारा होश ही नहीं आता था.

हैरानी की बात यह है कि ये सभी बच्चे एक-दूसरे से कभी मिले नहीं थे और इनके घरों के बीच औसतन 5 किलोमीटर की दूरी थी.

3690 टीमें मैदान में, 52 हजार घरों की स्क्रीनिंग शुरू

भजनलाल सरकार इस संकट को रोकने के लिए अब युद्धस्तर पर अभियान चला रही है. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ और निदेशक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा के अनुसार, पूरे उदयपुर संभाग में 3690 टीमें तैनात की गई हैं, जिन्होंने अब तक 52000 से अधिक घरों का सर्वे पूरा कर लिया है. इस सर्वे के दौरान 275 लक्षण वाले संदिग्ध मरीज चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 25 गंभीर मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है. विभाग ने मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए 2557 स्थानों पर एंटी-लार्वल गतिविधियां की हैं और अब तक 1,796 ब्लड स्लाइड्स के साथ 94 सैंपल विस्तृत जांच के लिए लिए गए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV Reporter

पटवारी से लेकर चीफ सेक्रेटरी तक निगरानी में जुटे

एडिशनल कमिश्नर छोगाराम देवासी ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पटवारी से लेकर चीफ सेक्रेटरी तक हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है. घाटा पंचायत में ही 17 मेडिकल टीमें घर-घर स्क्रीनिंग कर रही हैं. अधिकारियों ने ग्रामीणों से सख्त अपील की है कि बच्चों में कोई भी लक्षण दिखने पर निजी क्लीनिकों या घर की दवाइयों के भरोसे न रहें और उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाएं क्योंकि समय पर सही इलाज ही एकमात्र बचाव है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV Reporter

ये भी पढ़ें:- 'वन स्टेट वन इलेक्शन तो सिर्फ बहाना है...' गहलोत ने गिनाए वो कानून जिनके तहत 1 साल से फंसा है राजस्थान में चुनाव

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close