विज्ञापन

दो IAS अफसरों ने बिना बैंड-बाजे के रचाया ब्याह, कोर्ट रूम में एक माला पहनकर बने हमसफर

IAS Madhav Bhardwaj and Aditi Varshney Marriage: सादगी की ऐसी मिसाल शायद ही पहले कभी देखी गई हो. जब दो IAS अफसर बिना किसी सुरक्षा घेरे और बिना किसी तामझाम के अपनी शादी रजिस्टर कराने पहुंचे, तो वहां मौजूद स्टाफ भी दंग रह गया.

दो IAS अफसरों ने बिना बैंड-बाजे के रचाया ब्याह, कोर्ट रूम में एक माला पहनकर बने हमसफर
अलवर का मिनी सचिवालय बना 'वेडिंग डेस्टिनेशन': न शहनाई, न सात फेरे; बस एक माला और कलेक्टर के सामने 2 IAS बन गए हमसफर
NDTV Reporter

Alwar News: आज के दौर में जहां शादियां करोड़ों के खर्च और भारी दिखावे के लिए जानी जाती हैं, वहीं 2023 बैच के दो युवा आईएएस अधिकारियों ने सादगी की एक नई मिसाल पेश की है. राजस्थान के अलवर में तैनात SDM माधव भारद्वाज और गुजरात के जामनगर में तैनात SDM अदिति वासने बुधवार को एक-दूसरे के हमसफर बन गए. बिना किसी तामझाम के, दोनों ने कोर्ट में शादी कर समाज को बड़ा संदेश दिया है.

ट्रेनिंग में शुरू हुई थी लव स्टोरी

मसूरी के रहने वाले माधव भारद्वाज और उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली अदिति वासने की मुलाकात आईएएस की ट्रेनिंग के दौरान हुई थी. यहीं से उनकी दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया. परिवार की रजामंदी के बाद दोनों ने धूमधाम से शादी करने के बजाय रजिस्टर्ड मैरिज को चुना.

कलेक्टर चेंबर में पहनाई एक-दूसरे को माला

बुधवार को अलवर के मिनी सचिवालय में नजारा कुछ अलग था. न ढोल-नगाड़े थे और न ही कोई वीआईपी गेस्ट. जिला कलेक्टर अर्पिता शुक्ला के सामने दोनों अधिकारियों ने बेहद सादगी से अपनी शादी रजिस्टर्ड करवाई. इस मौके पर केवल दोनों के माता-पिता और भाई-बहन ही मौजूद रहे और उन्हीं के बीच उन्होंने एक-दूसरे को माला पहनाकर विवाह की रस्में पूरी कीं.

कौन हैं IAS माधव भारद्वाज

माधव भारद्वाज ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2022 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 536 प्राप्त की थी. IIM अहमदाबाद से MBA करने वाले माधव लोकोमोटर दिव्यांगता (Locomotor Disability) श्रेणी के अंतर्गत आते हैं. उन्होंने अपनी शारीरिक चुनौतियों को दरकिनार कर देश की सबसे कठिन परीक्षा में सफलता पाकर एक मिसाल कायम की है. 

कौन हैं IAS अदिति वार्ष्णेय

अदिति वार्ष्णेय ने अपने पहले ही प्रयास में UPSC 2022 की परीक्षा में 57वीं रैंक हासिल की थी. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा दिल्ली के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज से पूरी की है. उनके पिता एक व्यवसायी हैं. बरेली में उनकी सफलता को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में मनाया गया था, क्योंकि उन्होंने जिले का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में बिगड़ा मौसम का मिजाज, जयपुर से बीकानेर तक गिरे ओले, जानें अगले 48 घंटों का हाल

LIVE TV देखें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close