Jaipur News: सरकारी दफ्तरों का नाम सुनते ही दिमाग में क्या आता है? धूल खाती फाइलें, साहब का रौब और 'अरे भई, कोई इसे साफ करो' वाले ऑर्डर! लेकिन जयपुर कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को जो दिखा, उसने अफसरों के इस 'टिपिकल' अंदाज को एकदम से पलट दिया.
निरीक्षण के दौरान खुद उठाया सफाई का जिम्मा
शुक्रवार को जिला कलक्टर संदेश नायक कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर वहां रखे एक कूलर पर पड़ी, जिसमें पानी जमा था. जमा पानी में डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छरों के पनपने का सबसे ज्यादा खतरा रहता है. ऐसे में कलक्टर ने किसी सफाई कर्मचारी को बुलाने या दूसरों को आदेश देने के बजाय, खुद ही कूलर को साफ करना शुरू कर दिया. वहां मौजूद सीएमएचओ (जयपुर प्रथम) डॉ. रवि शेखावत और अन्य अधिकारी भी कलक्टर के इस कदम को देखकर हैरान रह गए और उनके इस श्रमदान की सराहना की.
जिला कलक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में कूलर की सफाई कर दिया आमजन को मौसमी बीमारियों पर रोकथाम का संदेश
— District Collector & Magistrate, Jaipur (@DcDmJaipur) July 24, 2026
प्रति शुक्रवार सरकारी व निजी कार्यालयों में हो सोर्स रिडक्शन एक्टिविटी, हर रविवार आमजन मनाएं ड्राई डेhttps://t.co/ai4xYrV4p6 pic.twitter.com/DdBmW3mgp9
डेंगू से बचना है तो हर संडे मनाएं 'ड्राई डे'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन तस्वीरों के जरिए कलक्टर ने आमजन को यह संदेश दिया है कि बीमारियों से बचने की शुरुआत खुद से और अपने घर से करनी होगी. डेंगू से बचाव के लिए प्रशासन ने अब दो बड़े नियम बनाए हैं, जिन्हें हर किसी को फॉलो करना है:-
1. जिले के सभी सरकारी और निजी कार्यालयों में अब हर शुक्रवार को विशेष जांच अभियान चलेगा. इसके तहत दफ्तरों के कूलर, पानी की टंकियों, गमलों और कबाड़ की बारीकी से सफाई की जाएगी ताकि कहीं भी मच्छरों का लार्वा न पनप सके.
2. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे हर रविवार को अपने घरों में 'ड्राई डे' मनाएं. इस दिन कूलर का सारा पानी खाली कर दें, पानी के बर्तनों को अच्छी तरह धोकर सुखाएं और यह पक्का करें कि छत या घर के आस-पास कहीं भी बारिश का पानी इकट्ठा न हो.
सिर्फ 10 मिनट की मेहनत दे सकती है डेंगू को मात
कलक्टर संदेश नायक ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन अपनी तरफ से पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है, लेकिन मौसमी बीमारियों को रोकने के लिए जनभागीदारी सबसे ज्यादा जरूरी है. अगर हर नागरिक हफ्ते में केवल 10 मिनट निकालकर अपने घर और आस-पास की सफाई पर ध्यान दे, तो डेंगू जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी को बहुत आसानी से हराया जा सकता है.
ये भी पढ़ें:- देवशयनी एकादशी पर खाटूश्यामजी में भारी भीड़, VIP एंट्री बंद, 14 लाइनों में दर्शन, आज मुख्य सचिव भी पहुंचेंगे