अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो पत्नी जेनेट डी रूबियो के साथ जयपुर दौरे पर हैं. सोमवार को मार्को रूबियो पत्नी संग आमेर किला घूमने पहुंचे. इस दौरान रूबियो जयपुर की ऐतिहासिक धरोहर और राजस्थानी संस्कृति के मुरीद नजर आए. अमेरिकी विदेशी मंत्री ने विश्व प्रसिद्ध आमेर किले का दीदार किया और यहां की संस्कृति को बेहद करीब से जाना. आमेर भ्रमण के दौरान रूबियो को सबसे ज्यादा 'शीश महल' पसंद आया, जिसकी स्थापत्य कला की उन्होंने जमकर तारीफ की. यही नहीं, जब लोक कलाकार कालबेलिया नृत्य कर रहे थे, तो वे खुद को रोक नहीं पाए और रुककर पूरा डांस देखा. साथ ही उन्होंने वहाँ मौजूद पारंपरिक वाद्य यंत्र 'रावणहत्था' के बारे में भी उत्सुकता से जानकारी ली.