विज्ञापन
This Article is From Nov 06, 2025

फर्जी JIO सिम और प्रधानमंत्री योजनाओं के नाम पर ठगी, गिरोह शातिर तरीके से दे रहा था वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग पहले नागौर जिले में सक्रिय था, लेकिन वहां एयरटेल बैंक के बंद होने के बाद आरोपियों ने अजमेर का रुख किया.

फर्जी JIO सिम और प्रधानमंत्री योजनाओं के नाम पर ठगी, गिरोह शातिर तरीके से दे रहा था वारदात को अंजाम

Rajashthan News: अजमेर के किशनगढ़ की एक महिला की शिकायत पर अजमेर पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो मोबाइल सिम दिलाने और सरकारी योजनाओं में पैसा आने का झांसा देकर फर्जी बैंक अकाउंट खोलता था. आईपीएस डॉ. अजय सिंह राठौड़  और क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण को मिली सूचना के बाद क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस साइबर ठग गैंग के छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह महिलाओं को प्रधानमंत्री की योजनाओं और जियो सिम में पैसा आने का लालच देकर उनके फिंगरप्रिंट से खाते खुलवाता था.

महिलाओं के नाम से खोले जा रहे थे फर्जी बैंक अकाउंट

शातिर ठग महिलाओं को बहला-फुसलाकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और फिंगरप्रिंट लेकर एयरटेल पेमेंट बैंक समेत कई बैंकों में खाते खुलवा रहे थे. ये गिरोह ग्रामीण इलाकों, चाय की थड़ी और सुनसान जगहों पर जाकर महिलाओं की फोटो खींचता और अंगूठा लगवाकर बैंक अकाउंट एक्टिवेट कराता था. बाद में इन्हीं खातों का उपयोग साइबर फ्रॉड की रकम को ट्रांसफर करने में किया जाता था. पीड़ित महिला राशि पत्नी विष्णु नायक, निवासी राजा खेड़ी, मदनगंज किशनगढ़ ने बताया कि ठगों ने उसे यह कहकर फर्जी बैंक अकाउंट खुलवाया कि “प्रधानमंत्री योजना और जियो सिम में कंपनी की ओर से पैसा आने वाला है.”

पहले नागौर फिर अजमेर में बनाया ठिकाना

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग पहले नागौर जिले में सक्रिय था, लेकिन वहां एयरटेल बैंक के बंद होने के बाद आरोपियों ने अजमेर का रुख किया. यह गिरोह महिलाओं के खातों में पहले खुद की जेब से ढाई हजार रुपये डालता था, जिससे उन्हें भरोसा हो जाए कि सरकार की योजना से पैसा आया है. इसके बाद इन खातों का उपयोग साइबर ठगी के पैसों के लेन-देन में किया जाता था. अजमेर पहुंचकर ठगों ने किशनगढ़, नसीराबाद और रामगंज क्षेत्रों में अपने नेटवर्क को फैलाया था.

छह आरोपी गिरफ्तार, फिंगरप्रिंट मशीन और मोबाइल जब्त

क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों कुचामन सिटी निवासी प्रकाश ओझा, राजकुमार वैष्णव, बजरंग नायक, नसीराबाद निवासी राजू जाट, रामगंज अजमेर निवासी नरेश माली और नसीराबाद सदर निवासी नंदकिशोर मेघवंशी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से चार एंड्रॉइड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, एक ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट मशीन, दो एयरटेल पेमेंट बॉक्स, डाटा केबल, 13 सिम कार्ड, पांच पैन कार्ड, 13 आधार कार्ड और एक आल्टो कार (आरजे 02 सीसी 2007) जब्त की है. आईपीएस डॉ. अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने फर्जी बैंक अकाउंट खुलवाए गए और किन साइबर फ्रॉड में इन खातों का उपयोग किया गया.

यह भी पढ़ेंः Rajasthan: 2022 तृतीय श्रेणी टीचर परीक्षा में सामने आया घोटाला, डमी से पास करवाकर शिक्षक बना युवक गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com