अजमेर में मंगलवार शाम घर के बाहर खेल रहे दो मासूम बच्चे अचानक लापता हो गए. 6 वर्षीय सृष्टि और 4 वर्षीय कार्तिक के गायब होने की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया, लेकिन पुलिस की तेज कार्रवाई ने करीब 3 घंटे के भीतर ही बच्चों को ढूंढ़ लिया. दोनों बच्चों को मां गले लगाकर रोने लगी. पुलिस ने बताया कि परिजन मुकदमा लिखवाएंगे तो आगे जांच करके कार्रवाई की जाएगी.
घर के बाहर खेल रहे थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, सृष्टि और कार्तिक मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे अपने घर के सामने खेल रहे थे. परिजन घर के कामों में व्यस्त थे. कुछ ही देर बाद जब परिजनों ने देखा तो बच्चे घर के बाहर नहीं थे. आवाज लगाने पर भी कुछ नहीं पता चला.
पुलिस को दी सूचना
बच्चों के पिता सुनील कुमार ने बताया कि पहले आसपास के इलाकों में, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के यहां बच्चों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. घबराए माता-पिता ने तुरंत अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाना पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज करवाई.
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
क्रिश्चियनगंज थाना प्रभारी अरविंद चारण ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत पुलिस टीम को सक्रिय किया, और संभावित स्थानों पर सूचना प्रसारित की. तकनीकी संसाधनों और सूचना तंत्र की मदद से बच्चों की लोकेशन ट्रेस की गई. बच्चों को 3 घंटे में ही बरामद कर लिया गया.
किशनगढ़ में मिले दोनों मासूम
करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चे किशनगढ़ के मदनगंज थाना क्षेत्र में हाईवे के पास सुरक्षित हालत में मिले. मदनगंज थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को अपने संरक्षण में लिया, और तुरंत अजमेर पुलिस कंट्रोल को सूचना दी.
माता-पिता की आंखों में आंसू
जब बच्चों को माता-पिता के हवाले किया, तो भावनात्मक दृश्य देखने को मिला. बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई, और माता-पिता की आंखों में आंसू छलक पड़े. बच्चों के माता-पिता ने मदनगंज थाना पुलिस और क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से उनके बच्चे मिल गए. मदनगंज थाना पुलिस ने बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता को सौंप दिया.
यह भी पढ़ें: कोटा में कार से 49 किलो चांदी पकड़ी, मध्यप्रदेश नंबर की है गाड़ी; 2 युवकों से पुलिस कर रही पूछताछ