विज्ञापन

"अशोक गहलोत मुझे बेटा मानते हैं", प‍िता की पुण्‍यत‍िथ‍ि पर बोले सचिन पायलट 

दौसा में सचिन पायलट ने राजस्‍थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बयान का अपने ही अंदाज में जवाब द‍िया. उन्होंने कहा क‍ि हमें मिलकर मोहब्बत की दुकान खोलनी है. 

"अशोक गहलोत मुझे बेटा मानते हैं", प‍िता की पुण्‍यत‍िथ‍ि पर बोले सचिन पायलट 
पिता राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर सचिन पायलट ने श्रद्धांजलि दी.

दौसा में पिता राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राजेश पायलट को याद करते हुए कहा कि जो लोग पायलट साहब के साथ जुड़े हुए थे. आज भी उनके जीवन, उनके संघर्ष, उनकी संकल्प शक्ति और समाज सेवा के कार्यों को याद कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजेश पायलट ने सभी वर्गों को साथ लेकर काम किया और आने वाली पीढ़ियों को उनके कार्यों तथा संस्कारों से प्रेरणा लेनी चाहिए. 

"पार्टी को मजबूत करना चाहिए"

पायलट ने कहा कि उनका (अशोक गहलोत) मेरे प्रति इतना स्नेह है तो व्यक्तिगत बातों से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की है. पायलट ने कहा कि राहुल गांधी के 'मोहब्बत की दुकान' के संदेश को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है, और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिलकर पार्टी को मजबूत बनाने का काम करना चाहिए. 

राजस्थान की राजनीति में गहलोत-पायलट संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पायलट का यह बयान खास महत्व रखता है, क्योंकि उन्होंने टकराव की बजाय गहलोत के स्नेहपूर्ण संबोधन का उल्लेख करते हुए एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है. 

नामांकन निरस्त होने पर बोले पायलट  

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन  के नामांकन निरस्त किए जाने पर पायलट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी.  उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्रीय दल के प्रत्याशी का नामांकन बिना किसी ठोस कारण के खारिज कर देना बेहद चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि प्रत्याशी के खिलाफ न कोई मुकदमा था, न प्राथमिकी और न ही आरोप पत्र, केवल एक नोटिस के आधार पर नामांकन रद्द कर दिया गया. पायलट ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देश हैं कि ऐसे आधारों पर नामांकन खारिज नहीं किया जा सकता. उन्होंने बताया कि कांग्रेस हम सबने मिलकर निर्वाचन आयोग पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और अब इस मामले को सर्वोच्च न्यायालय में ले जाया जाएगा. 

"लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं"

पायलट ने आरोप लगाया कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है.  उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार प्रशासन और अधिकारियों पर दबाव बनाकर विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है. 

"प्रदेश में बढ़ रहे अपराध"

राजस्थान की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए पायलट ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के लगातार खुलासे हो रहे हैं, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय आंखें बंद किए बैठी है.  उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं, महिलाओं, दलितों और किसानों के साथ अन्याय हो रहा है, विकास योजनाएं ठप पड़ी हैं और सरकार आंतरिक खींचतान में उलझी हुई है. 

"जनता बदलाव चाहती है"

पायलट ने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई, प्रश्न पत्र लीक और किसानों की आय जैसे गंभीर मुद्दे हैं.  उन्होंने कहा कि विपक्ष इन मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करेगा और जनता के हितों की आवाज बुलंद करेगा.  पायलट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में 12 वर्ष हो चुके हैं, अब उसे अपने काम का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना चाहिए.  उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है. 

यह भी पढ़ें: "पायलट का CM बनना तो विधायकों को मंजूर नहीं था, कोई बगावत नहीं हुई", गहलोत ने खुलकर बताई 25 सितंबर वाली बात

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close