गंगापुर सिटी के बामनवास उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. सोमवार को छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. विद्यालय स्तर पर मामले का समाधान नहीं होने पर आक्रोशित अभिभावकों ने SDM मोहन चौधरी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की. इसके बाद बामनवास थाने में 2 शिक्षक अविनाश शर्मा और दिनेश मीणा के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया गया.
छात्र के कान पर गहरी चोट की आशंका
परिजनों का कहना है कि 1 अगस्त को छात्राओं के साथ हुई बदसलूकी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब शिक्षकों ने छात्रों के साथ मारपीट कर दी. एक छात्र की मां का दावा है कि उनके बेटे के कान का कुछ समय पहले ऑपरेशन हुआ था, और मारपीट के दौरान उसी संवेदनशील जगह पर चोट लग गई, जिससे भारी नुकसान की आशंका है.
छात्र के रीढ़ का हुआ था ऑपरेशन
दूसरे छात्र के परिजन ने बताया कि छात्र की रीढ़ की हड्डी का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था, जिसकी जानकारी विद्यालय प्रशासन को पहले से थी. इसके बावजूद कथित तौर पर उसी हिस्से पर मारपीट की गई, जिससे शरीर पर सूजन आ गई है. घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण विद्यालय के मुख्य द्वार पर इकट्टा हुए और नारेबाजी की.
शिक्षकों ने भी थाने में दी तहरीर
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों को अनुशासित रखने के उद्देश्य से केवल 'हल्का बल प्रयोग' किया गया था. किसी भी छात्र को नुकसान पहुंचाने की कोई मंशा नहीं थी. शिक्षकों की शिकायत पर विद्यालय स्टाफ ने भी थाने में परिवाद दिया है. अध्यापकों का कहना है कि मारपीट का मामला दर्ज होने के बाद से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. कुछ लोग उन्हें हथियारों का भय दिखाकर डरा रहे हैं, जिससे शिक्षण कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही है.
बामनवास थाने के ड्यूटी ऑफिसर एसआई वीर सिंह ने बताया कि छात्रों से मारपीट के आरोप में दो शिक्षकों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें: "सिर्फ राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नारे लगाओ", बैठक में जिलाध्यक्ष के नाम लगे नारे तो दी नसीहत