Bhiwadi fire: भिवाड़ी अग्निकांड में मृतकों का आंकड़ा 8 तक पहुंच गया. सुबह करीब 3 बजे के आसपास दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान बिहार निवासी अनूप पासवान की मौत हो गई. अनूप पासवान फैक्ट्री में लोडिंग और अनलोडिंग का काम करता था. हादसे में 40 प्रतिशत से ज्यादा झुलसने के चलते उसे सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था. लेकिन इंफेक्शन फैलने के बाद हालत बिगड़ती चली गई और मौत हो गई. एक अन्य युवक की भी हालत काफी गंभीर हो चुकी है, जिसका इलाज जारी है.
फैक्ट्री मालिक दिल्ली से गिरफ्तार
अवैध पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट में 16 फरवरी को 7 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे. विस्फोट मामले में पुलिस ने हेमंत सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया है. खैरथल-तिजारा के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि हेमंत सचदेवा को दिल्ली में उनके आवास से पुलिस ने छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया और आगे की पूछताछ के लिए भिवाड़ी लाया गया.
इससे पहले इस मामले में फैक्ट्री संचालक हेमंत कुमार शर्मा और पर्यवेक्षक अभिनंदन तिवारी को गिरफ्तार किया जा चुका है. प्रारंभिक एफआईआर में प्लॉट मालिक राजेंद्र कुमार का नाम था, लेकिन गिरफ्तार आरोपियों की पूछताछ के दौरान हेमंत सचदेवा की भूमिका सामने आई और उन्हें मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया.
सचदेवा को कोर्ट में पेश किया गया
शनिवार को सचदेवा को न्यायालय में पेश किया गया. पूछताछ के दौरान पुलिस को अन्य लोगों और स्थानों के बारे में भी जानकारी मिली, जो कथित रूप से अवैध पटाखा निर्माण नेटवर्क से जुड़े हैं. जांच टीम ने इसके बाद कई स्थानों पर छापेमारी की और अन्य शामिल व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश की.
डीएसटी टीम भी भंग
वहीं, इस घटना के बाद भिवाड़ी जिला विशेष टीम को भंग कर दिया गया है. किसी भी चूक या अनियमितताओं का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री वैध लाइसेंस के बिना संचालित हो रही थी और विस्फोटक सामग्री को संभालने और संग्रह करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं थे.
यह भी पढ़ेंः बीकानेर में 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने निकली छात्रा का झाड़ियों में मिला अर्धनग्न शव, इलाके में भारी तनाव