Rajasthan News: अजमेर के नगर क्षेत्र से गुजर रहे आनासागर एस्केप चैनल नाले में मंगवलार (3 फरवरी) को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया. नाले में कचरे के बीच नोटबंदी के दौरान बंद किए गए पुराने 500 रुपये के नोटों के कई बंडल पड़े मिले. बताया जा रहा है कि ये वही नोट हैं जिन्हें वर्ष 2016 की नोटबंदी के दौरान बैंकों में जमा किया जाना था. नाले में नोटों को कचरे की तरह फेंका गया देख स्थानीय लोग हैरान रह गए. सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
स्थानीय पार्षद पति और पुलिस को दी गई सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत क्षेत्र के पार्षद पति को मौके पर बुलाया. इसके साथ ही स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और नाले में पड़े पुराने 500 रुपये के नोटों के बंडलों को कब्जे में लिया. प्रारंभिक तौर पर नोट असली प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि उनकी वैधता और स्रोत को लेकर जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर नोट किसने और किन परिस्थितियों में नाले में फेंके.
नोटबंदी के वर्षों बाद भी सवाल बरकरार
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि नोटबंदी के इतने साल बाद भी क्या पुराने चलन से बाहर हो चुके 500 रुपये के नोट अब भी लोगों के पास मौजूद हैं. क्या इन्हें ठिकाने लगाने के लिए कचरे या पानी में फेंका जा रहा है? गौरतलब है कि करीब दो साल पहले भी अजमेर की आनासागर झील में 2000 और 500 रुपये के पुराने नोटों की गड्डियां पानी में मिली थीं. उस मामले में भी पुलिस ने नोट जब्त कर जांच शुरू की थी, लेकिन अब तक जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी. ताजा घटना ने एक बार फिर व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में राशन दुकानों के तराजू का किया जाएगा सत्यापन, 4 फरवरी से शुरू होगा अभियान