बूंदी में गौतस्करी के एक गंभीर मामले को लेकर नैनवा थाना क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई. बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नैनवा थाने पर उग्र प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारी हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
नैनवा थाने पर हंगामा
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता पहले नैनवा थाने पहुंचे, जहां उन्होंने गौ तस्करी के मुख्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए नारेबाजी करने लगे. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त जाप्ता तैनात कर स्थिति को संभाला.
15 जनवरी को पकड़ा था कंटेनर, लगा दी थी आग
पूरा मामला 15 जनवरी का है, जब बाछोला पंचायत क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध कंटेनर को रोका था. ग्रामीणों को कंटेनर में गोवंश भरे होने की आशंका थी. सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए. जांच के दौरान कंटेनर के भीतर करीब 20 गोवंश मिले थे. गोवंश की दुर्दशा देखकर ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई.आक्रोशित ग्रामीणों और गौभक्तों ने तस्करों की तीन मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया था. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. इसके बाद गौवंश तस्करी के विरोध में गौभक्तों और ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय के बाहर भी धरना-प्रदर्शन किया था.
2 गौ तस्करों को किया गिरफ्तार
नैनवा पुलिस 2 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया था. मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है. इसी के चलते प्रदर्शनकारी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और लगातार नारेबाजी करते रहे. कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. नैनवा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है, और शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: झालावाड़-बूंदी स्कूल हादसे में हाईकोर्ट ने अधिकारियों को लगाई फटकार, कहा- बजट में कीजिए पक्की व्यवस्था