Hem Singh Bhadana dies : राजस्थान की राजनीति में सोमवार को एक मायूस कर देने वाली खबर मिली. पूर्व कैबिनेट मंत्री हेमसिंह भड़ाना का सुबह करीब 7:30 बजे अलवर स्थित उनके निवास पर निधन हो गया. वे 58 वर्ष के थे. पूर्व मंत्री भड़ाना पिछले काफी समय से कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. हाल ही में उन्हें ब्रेन हेमरेज भी हुआ था, जिसके बाद गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में लंबे समय तक उनका इलाज चला था.
ब्रेन हेमरेज के बाद स्थिति हो गई थी नाजुक
परिजनों के अनुसार, भड़ाना कैंसर से बड़े मजबूती से लड़ रहे थे, लेकिन ब्रेन हेमरेज के बाद उनकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई थी. आज यानी सुबह उनके पैतृक जिले में उन्होंने अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर फैलते ही जिले भर में शोक की लहर दौड़ गई है और बड़ी संख्या में समर्थक और राजनेता जुटने लगे है.
जमीनी नेता से कैबिनेट मंत्री तक
हेमसिंह भड़ाना ने राजस्थान विश्वविद्यालय से एलएलबी की. शुरू से ही हेमसिंह भड़ानाछात्र राजनीति में सक्रिय रहे. वर्ष 1991 से लेकर 1992 तक राजकीय कला एवं विधि महाविद्यालय अलवर छात्र संघ के अध्यक्ष रहे. 10 फरवरी 2005 को पंचायत समिति किशनगढ़ बास के प्रधान बने.वर्ष 2008 से वर्ष 2013 तक तेरहवीं विधानसभा के सदस्य रहे. इस दौरान पुस्तकालय समिति राजस्थान विधानसभा, पिछड़े वर्ग के कल्याण समिति के सदस्य रहे. इसके बाद वर्ष 2013 से 18 तक चौदहवीं विधानसभा के सदस्य रहे. 2014 को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री बनाए गए. इसके बाद उपभोक्ता मामलों का मंत्री का प्रभार दिया गया. वर्ष 2016 में मंत्रिमंडल फेर बदल के दौरान उन्हें मुद्रण एवं लेखन सामग्री एवं स्टेट मोटर गैराज और संपदा विभाग का मंत्री बनाया गया. उस समय उनके पास सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त चार्ज भी था.
लंबे समय से कैंसर से रहे थे जूझ
आज (सोमवार) तड़के लगभग 6:30 बजे पूर्व मंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अलवर के टेल्को चौराहा स्थित हरीश अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल के निदेशक डॉ. हरीश गुप्ता ने बताया कि उन्हें सुबह 7:00 बजे इमरजेंसी में लाया गया था, जहां गहन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और हाल ही में ब्रेन हेमरेज होने के कारण गुरुग्राम के अस्पताल में भी भर्ती रहे थे. पूर्व मंत्री के निधन के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी ने आज अलवर और खैरथल जिलों में होने वाले अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है. उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.
यह भी पढ़ें; Rajasthan News Live: राजस्थान से बड़ी खबर, बीजेपी के दिग्गज नेता का निधन