Jaipur News: राजस्थान के पूर्व सूचना आयुक्त और वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ का शनिवार तड़के निधन हो गया. 68 वर्षीय बारेठ पिछले कुछ सप्ताह से निमोनिया से पीड़ित थे और मालवीय नगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती थे. शुक्रवार आधी रात के बाद करीब डेढ़ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. नारायण बारेठ अपने पीछे पत्नी, पुत्री, दामाद और नातिन छोड़ गए हैं. उनका अंतिम संस्कार आज, 7 मार्च को सुबह 11:30 बजे मालवीय नगर स्थित शमशान घाट पर किया जाएगा.
तीन दशकों का पत्रकारिता सफर
मूल रूप से चूरू जिले के रतनगढ़ निवासी नारायण बारेठ ने सक्रिय पत्रकारिता की शुरुआत कोटा से की थी. वे तीन दशकों से अधिक समय तक इस क्षेत्र में सक्रिय रहे. बारेठ लंबे समय तक बीबीसी (BBC) के राजस्थान संवाददाता रहे और उन्हें प्रदेश में बीबीसी की रिपोर्टिंग की नींव रखने का श्रेय दिया जाता है. इसके अलावा वे द एशियन एज, द पायनियर, नवभारत, दैनिक भास्कर जैसे कई प्रमुख मीडिया संस्थानों से भी जुड़े रहे. उनकी लेखनी में समाज के वंचित वर्ग के मुद्दों को प्रमुखता मिलती थी.
शिक्षा जगत में योगदान
पत्रकारिता के साथ-साथ नारायण बारेठ ने प्रशासनिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी भूमिका निभाई. वे साल 2020 से 2022 तक राजस्थान के राज्य सूचना आयुक्त के पद पर रहे. सूचना आयुक्त के रूप में आरटीआई (RTI) से जुड़े उनके कई फैसले नजीर बने. इसके अतिरिक्त, वे जयपुर स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के संस्थापक फैकल्टी के रूप में भी जुड़े थे, जहाँ उन्होंने नई पीढ़ी के पत्रकारों को तैयार करने में योगदान दिया.
पूर्व सीएम ने जताया शोक
नारायण बारेठ के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई राजनेताओं, वरिष्ठ पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने संवेदना व्यक्त की है. उनके जाने से प्रदेश के शिक्षा और पत्रकारिता जगत में रिक्तता आई है. आज सुबह 11:30 बजे जयपुर में उनके पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें:- आज से ₹60 महंगा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर, कमर्शियल के दाम भी ₹114 उछले; चेक करें अपने शहर के नए रेट