राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मिलने वाली धनराशि को बढ़ा दिया गया है. 1300 रुपये मिलने वाली पेंशन राशि अब 1450 रुपये हो गई है. जनवरी 2026 की पेंशन के बिल तैयार कर ईसीएस के लिए भेज दिए गए हैं, और जल्द ही राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा हो जाएगी. प्रदेश में वर्तमान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 91 लाख से अधिक लाभार्थियों को पेंशन मिल रही है. इनमें वृद्धजन, विधवा एवं एकल नारी, दिव्यांगजन तथा लघु और सीमांत किसान शामिल हैं.
दो साल में 450 रुपये बढ़े
राज्य सरकार ने वर्ष 2024 में 1000 रुपये प्रतिमाह मिलने वाली पेंशन राशि को बढ़ाकर 1150 रुपये किया. इसके बाद वर्ष 2025 में इसे 1250 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया. जनवरी 2026 में पेंशन राशि बढ़ाकर 1300 रुपये की गई और अब इसे बढ़ाकर 1450 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है. इस तरह दो वर्षों में पेंशन राशि में कुल 450 रुपये की वृद्धि की गई है.
सीधे बैंक खाते में जाती है धनराशि
पेंशन भुगतान व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने डीबीटी प्रणाली लागू की है, जिसके तहत पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के जनाधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाती है. इसके साथ ही पेंशन से जुड़ी प्रक्रिया को तकनीक आधारित और पेपरलेस बनाया गया है, जिससे आवेदन, स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित हो रही है.
सत्यापन की प्रक्रिया को भी सरल बनाया
लाभार्थियों के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है. इसके लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, मोबाइल ऐप और ओटीपी आधारित व्यवस्था लागू की गई है. यदि किसी कारण बायोमेट्रिक सत्यापन संभव नहीं हो पाता तो संबंधित अधिकारी के समक्ष दस्तावेज सत्यापन के बाद भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
IFSC कोड बदलने से पेंशन भुगतान प्रभावित हुआ था
सरकार के अनुसार बैंकों के विलय के कारण कुछ मामलों में आईएफएससी कोड बदलने से पेंशन भुगतान अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ था. इस समस्या के समाधान के लिए बैंकिंग संस्थाओं के साथ समन्वय कर पेंशन पोर्टल पर डाटा अद्यतन करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. सरकार का कहना है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान करना भी है. पेंशन राशि में बढ़ोतरी को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: सदन में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह का बड़ा ऐलान, खेल विभाग में 840 कोच की होगी भर्ती