Rajasthan Bus Accident: बांसवाड़ा जिले के कलिंजरा क्षेत्र में शुक्रवार (6 फरवरी) शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अबापुरा के वडलीपाड़ा से सज्जनगढ़ के संदलई गांव लौट रही बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से 35 बाराती घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, बारात सज्जनगढ़ के संदलई गांव से अबापुरा के खेड़ा वडलीपाड़ा गई थी. शाम करीब 6:30 बजे जब बारात वापस लौट रही थी, तभी घोटिया आम्बा के पास एक ढलान पर बस चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा. देखते ही देखते बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई.
एक बस सुरक्षित निकली, दूसरी पलटी
बताया जा रहा है कि बारात में दो बसें शामिल थीं. आगे चल रही बस ढलान से सुरक्षित निकल गई, जबकि पीछे आ रही बस ढलान पर संतुलन बिगड़ने से हादसे का शिकार हो गई. ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.
विधायक-कलेक्टर और एसपी पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से बड़ोदिया अस्पताल और महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुंचाया गया. सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली. साथ ही बागीदौरा और बांसवाड़ा विधायक भी घटना की सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे . कलेक्टर डॉ. यादव ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है.
कुछ घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल कुछ बारातियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, मृतकों की पहचान कमला पत्नी हकरू, दलू पुत्र भूरा, टीटा पुत्र जोखा के कूप में हुई है .वहीं और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ेंः भीलवाड़ा में प्रेमिका से मिलने गए युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलसा