जयपुर के बस्सी क्षेत्र के भटेरी गांव में दंडवत यात्रा कर रहे कावड़ियों से मारपीट का मामला गरमा गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण और कावड़ियों ने सड़क जाम कर दी है. पिछले दो दिनों से दौसा-लवाण वाया तुंगा मार्ग जाम है. धरनास्थल पर अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई, लेकिन अभी तक कोई सहमति नहीं बन पाई है. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक धरना और सड़क जाम जारी रहेगा.
पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला
दरअसल, दो दिन पहले बाइक सवार से कहासुनी के बाद 5 से 10 युवकों ने कावड़ियों के साथ मारपीट कर दी थी. घटना में 3 से 4 कावड़ियों के घायल होने की सूचना है. मामले को लेकर पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है. मौके पर बस्सी एसीपी, तुंगा थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है.
कांग्रेस विधायक ने एक्शन लेने की मांग की
वहीं, प्रकरण में सियासत भी तेज हो गई है. भाजपा नेता चंद्रमोहन मीणा ने अधिकारियों से बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर प्रकरण की जानकारी दी. कांग्रेस विधायक लक्ष्मण मीणा ने भी ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की है. पूर्व मंत्री कन्हैयालाल मीणा भी धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की. इसके अलावा कई सामाजिक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे.
ग्रामीणों की पुलिस प्रशासन को चेतावनी
धरनास्थल पर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. पुलिस प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर आज (16 अगस्त) शाम 4 बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो इसके बाद बड़ा फैसला लिया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान के 13 जिलों में अलर्ट, आज से कमजोर पड़ेगा मानसून, इस बार 12 फीसदी तक कम रही बारिश