Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक मामला सामने आया है. जहां एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया जब फर्जी टूरिस्ट वीजा के जरिए इराक जाने की कोशिश कर रहे तीन यात्रियों को पकड़ा गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और तुरंत पूछताछ के लिए ले गई.
जानें कैसे हुआ खुलासा
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि 18 मई 2026 को एयरपोर्ट अथॉरिटी से संदिग्ध वीजा के संबंध में शिकायत मिली थी. सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस सक्रिय हुई. जांच में सामने आया कि तीनों यात्री फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विदेश जाने की योजना बना रहे थे. पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर एक विशेष टीम गठित की और तीनों को धर दबोचा.
आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरेश कुमार (47, अंबेडकर नगर, यूपी), आलोक कुमार सिंह (31, पटना, बिहार) और रुपेश यादव (32, पूर्वी चंपारण, बिहार) के रूप में हुई है. ये अलग-अलग राज्यों से हैं लेकिन विदेश जाने की साजिश के लिए ये सब राजस्थान आए थे.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ये फर्जी वीजा इन्हें किसने उपलब्ध कराए. जांच अधिकारी यह भी खंगाल रहे हैं कि क्या ये आरोपी किसी संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह के बहकावे में थे या फिर खुद इस गोरखधंधे का हिस्सा हैं. पुलिस का मानना है कि इस कड़ी के पीछे कोई बड़ा रैकेट हो सकता है जो सीधे तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके.
यह भी पढ़ें- नौतपा शुरू भी नहीं हुआ और टूटे रिकॉर्ड! चित्तौड़गढ़ में पारा 46.3°C पार, मौसम विभाग की चेतावनी से सहमे लोग