Jaipur News: राजस्थान के जयपुर के फागी क्षेत्र के निमेड़ा में देर रात दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया. जिले में एक अवैध बजरी परिवहन की डरावनी तस्वीर देखने को मिली. मामला बीती रात का है जहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने सड़क पर जा रही गाय को इतनी बेरहमी से कुचला कि उसकी गर्दन शरीर से अलग हो गई. दिल को दहला देने वाली इस घटना में मृत गाय का शरीर डंपर के नीचे फंसकर करीब 300 मीटर तक घिसटता रहा.
हादसे का खौफनाक मंजर
घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसा निमेड़ा पुलिस चौकी के ठीक पास हुआ. देर रात करीब 6 से ज्यादा बजरी से भरे डंपर तेज रफ्तार में निकल रहे थे. इसी दौरान एक डंपर ने गाय को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर चारों ओर खून फैल गया. स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर डंपर को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन डंपर ड्राइवर रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गया.
पुलिस प्रशासन पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
इस घटना के बाद ग्रामीणों का पुलिस प्रशासन पर आक्रोश फूट पड़ा. गाय की दर्दनाक मौत के गुस्से में आकर ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निमेड़ा पुलिस चौकी के पास से ही बजरी का अवैध परिवहन धड़ल्ले से जारी है. ग्रामीणों ने घटना के समय पुलिस को तुरंत सूचना दी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीण लंबे समय से इन बेलगाम डंपरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन बना हुआ है.
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी डंपर चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और अवैध बजरी परिवहन पर पूरी तरह से लगाम लगाने की बात कही. वही पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से डंपर औऱ उसके चालक की पहचान कर मामले की जांच की जाएगी. साथ ही आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.