राजस्थान के रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल समेत 3 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है. जल जीवन मिशन घोटाले में आरोपी आईएएस की तलाश लगातार जारी है. इसी सिलसिले में एसीबी कोर्ट ने वारंट जारी किया है. सुबोध अग्रवाल के अलावा एसीबी कोर्ट संख्या-1 द्वारा दर्ज मुकदमे में जितेंद्र शर्मा, संजीव गुप्ता और मुकेश गोयल भी आरोपी हैं. माना जा रहा है कि सुबोध अग्रवाल के पास से अहम जानकारियां मिल सकती है. संभावना है कि उनकी गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कई और नामों का खुलासा हो सकता है. यही वजह है कि एसीबी लगातार उनकी तलाश कर रही हैं.
कई ठिकानों पर दबिश जारी
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसीबी लगातार कई संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है. भले ही आरोपी एजेंसी की पहुंच से दूर है, लेकिन उनके लिए चुनौतियां बरकरार है. अगर न्यायालय द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील नहीं हो पाती है तो कोर्ट से आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए जाने की कार्यवाही की जाएगी.
एसीबी की अग्रिम कानूनी कार्यवाही जारी
एसीबी की जांच के दायरे में जयपुर, उदयपुर, बाड़मेर, जोधपुर, झालावाड़, कोटा, नागौर, विराटनगर, निवाई, देवली, आमेर, गंगापुर सिटी के अलावा दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद, सोहना समेत अन्य शहर शामिल हैं. इन शहरों में 100 से अधिक संभावित स्थानों पर तलाश की जा चुकी है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा इस प्रकरण में अग्रिम कानूनी कार्यवाही जारी है. एसीबी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय के आदेशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जा रही है.
यह भी पढ़ेंः टोंक की बजरी का सवाई माधोपुर में अवैध स्टॉक! कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन