झुंझुनूं जिले के खेतड़ी ब्लॉक के मेहाड़ा गांव में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में डंपर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. इस दौरान मेहाड़ा थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया, खेतड़ी थानाधिकारी मोहन पोसवाल सहित दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस की गाड़ी भी पलटने का प्रयास किया.
ग्रामीणों को हिरासत में लिया
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब दो दर्जन ग्रामीणों को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार, मेहाड़ा गांव में शनिवार देर रात एक डंपर ने सड़क किनारे जा रहे बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया. सूचना मिलने पर मेहाड़ा थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाने की प्रक्रिया शुरू की.
हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त फोर्स बुलाया
इसी दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो गए, और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया. हालात बिगड़ते देख खेतड़ी थाने से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया गया. खेतड़ी थानाधिकारी मोहन पोसवाल भी मौके पर पहुंचे, और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र हो गई. पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया.
पुलिस की गाड़ी पलटने का प्रयास किया
इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने पुलिस की गाड़ी को पलटने का भी प्रयास किया. पथराव में मेहाड़ा थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया, खेतड़ी थानाधिकारी मोहन पोसवाल और दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिड़ावा और बुहाना डीएसपी को मौके पर भेजा.
पुलिस फोर्स ने स्थिति को नियंत्रित किया
अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया. मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस पर पथराव करने वाले करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पर हमला करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: राजकुमारी की विरासत से निकलकर वसुंधरा बनीं लोकतांत्रिक 'महारानी', मां से सीखा राजनीति का ककहरा