कोटपूतली के विराटनगर थाना परिसर में पुलिस और वकील में ठन गई. अधिवक्ता की कार पर ब्लैक फिल्म हटाने और चालान की कार्रवाई को लेकर विवाद शुरू हुआ. वकील ने पुलिस अधिकारी प्रकाश सिंह राठौड़ पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज का आरोप लगाया. जानकारी के अनुसार, 8 जून को अधिवक्ता अनिल कौशिक अपने एक पक्षकार के साथ थाना विराटनगर पहुंचे थे. अधिवक्ताओं का आरोप है कि उनकी गाड़ी थाना परिसर की पार्किंग में खड़ी थी. तभी वहां मौजूद एसआई प्रकाश सिंह ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और वाहन का चालान कर दिया. अधिवक्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस प्रशासन ने अधिवक्ताओं के आरोपों को लेकर अपना पक्ष भी सामने रखा है.
बार एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से लिया फैसला
इस घटना के बाद अधिवक्ताओं में रोष फैल गया. मामले ने जब तूल पकड़ा तो बार एसोसिएशन ने बैठक की. इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई होने तक अधिवक्तागण न्यायिक कार्य से दूर रहेंगे. इस मामले में SI और बार अध्यक्ष का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था. इसमें एसआई कह रहा था कि मेरा ट्रांसफर करा दो.
एसपी बोले- खुद वकील ने भी किया था सहयोग
एसपी सतवीर सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिलेभर में वाहनों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत थाना परिसर में खड़ी कार का भी चालान काटा गया. कार्रवाई के समय पुलिसकर्मियों को यह जानकारी नहीं थी कि वाहन किसी अधिवक्ता का है. उन्होंने बताया कि वाहन से ब्लैक फिल्म हटाने की प्रक्रिया के दौरान स्वयं अधिवक्ता अनिल कौशिक ने भी सहयोग किया था. इस बीच घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है.
'वीडियो में विवाद का कोई सबूत नहीं'
वीडियो में पुलिसकर्मी और अधिवक्ता मिलकर वाहन से काली फिल्म हटाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में किसी प्रकार की कथित अभद्रता या विवाद का दृश्य सामने नहीं आया है. हालांकि, अधिवक्ताओं का कहना है कि उनके साथ हुई बातचीत और व्यवहार को लेकर आपत्ति बनी हुई है. सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी और अधिवक्ता के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल है. हालांकि, एनडीटीवी इस वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
बार एसोसिएशन और प्रशासन के बीच बातचीत जारी
फिलहाल मामले को लेकर बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सकारात्मक वार्ता जारी है. दोनों पक्षों के बीच संवाद के जरिए समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं, पूरे मामले पर सबकी नजर बनी हुई है और सभी संबंधित जांच और वार्ता के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः मनाली से जयपुर जा रही वॉल्वो बस दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत; 11 यात्री गंभीर रूप से घायल