डीग में कंपनी से चोरी हुए ट्रेलर को पकड़ने के लिए पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा किया. करीब 50 किमी तक पीछा करने के बाद पुलिस की टीम ने ट्रेलर को कब्जे में लिया. पुलिस ने चोरों को भी गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है. टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल यतेंद्र, लोकेश, कांस्टेबल बृज बिहारी और हरवीर ने कार्रवाई को अंजाम दिया.
पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले के निर्देशन में डीग पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने देर रात करीब 12 बजे कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस ने ट्रेलर का काफी दूरी तक पीछा किया और फिर नदबई क्षेत्र में ट्रेलर को घेरकर कब्जे में ले लिया.
ट्रेलर को यूपी ले जाने की फिराक में थे चोर
कंपनी से चोरी हुआ ट्रेलर नगर क्षेत्र से कई गांवों से गुजरता हुआ नदबई हाईवे पर पहुंचा था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक ट्रेलर को जयपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाने की फिराक में था. सूचना मिलते ही QRT टीम तुरंत सक्रिय हुई और बिना समय गंवाए ट्रेलर का पीछा शुरू कर दिया. पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और वाहन चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ेंः पांचना बांध विवाद में दूसरे पक्ष को डराने के लिए चुराई थी तोप, 2 गिरफ्तार; अब तक तोप का नहीं मिला सुराग