विज्ञापन

राजस्थान यूनिवर्सिटी के सामने बैरिकेड पर चढ़े NSUI कार्यकर्ता, दिखाए RSS Go Back के पोस्टर; पुलिस ने खदेड़ा

जिस वक्त NSUI कार्यकर्ता RU के गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे, उस वक्त विनोद जाखड़ उदयपुर एयरपोर्ट पर शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे. वे गोगुंदा क्षेत्र में स्थित जरगा के प्रथम पाटोत्सव कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए वहां पहुंचे हैं.

राजस्थान यूनिवर्सिटी के सामने बैरिकेड पर चढ़े NSUI कार्यकर्ता, दिखाए RSS Go Back के पोस्टर; पुलिस ने खदेड़ा
राजस्थान यूनिवर्सिटी गेट पर NSUI का प्रदर्शन, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
NDTV Reporter

Rajasthan News: गुलाबी नगरी जयपुर (Jaipur) में स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी (Rajasthan University) के मुख्य गेट पर शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) का विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ. इसकी चेतावनी NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ (Vinod Jakhar) ने एक दिन पहले ही दे दी थी, इसीलिए पुलिस ने भी अपनी तैयारी पूरी कर रखी थी. यूनिवर्सिटी के गेट पर बैरिकेडिंग करके पहले ही रास्ता बंद कर दिया गया था और किसी भी संदिग्ध स्टूडेंट्स को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही थी. हालांकि कुछ देर बाद NSUI कार्यकर्ताओं ने इन्हीं बैरिकेड्स पर चढ़कर प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों को इन्हें नीचे उतारने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.

प्रदर्शनकारियों को गाड़ी में डालकर ले गई पुलिस 

तस्वीरों में देखने पर प्रदर्शनकारियों की संख्या कम और पुलिसकर्मियों की ज्यादा लग रही थी. फिर भी करीब आधा घंटे तक हंगामा चलता रहा. सिर पर हेलमेट पहने और हाथों में लाठी लिए पुलिसकर्मी एक-एक करके प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड से उतारते रहे, लेकिन वे अपना विरोध जताते रहे. कुछ ही देर में पुलिस की गाड़ियों और वैन मौके पर पहुंच गईं, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया. यह देख कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पर ही लैट गए और मीडिया के जरिए अपनी बात जनता तक पहुंचाने लगे. हालांकि कुछ ही देर बाद पुलिसकर्मी उन्हें गाड़ी में डालकर वहां से ले गए. 

'RSS Go Back' लिखे पोस्टर दिखाए

यह देखकर बाकी प्रदर्शनकारी शांत हो गए और बैरिकेड पर फिर से चढ़ने के बजाय सड़क पर ही बैठकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने लगे. इसी दौरान एक कार्यकर्ता कुछ सफेद पेपर और ब्लैक मार्कर ले आया, जिसके बाद सभी पोस्टर बनाने के काम में जुट गए. इस पोस्टरों पर 'RSS Go Back' और आजादी में 'RSS का योगदान कहां था' जैसी बातें लिखने लगे. लेकिन ये कोशिश में ज्यादा देर नहीं चल सकी. पुलिस ने दोबारा हंगामे की कोशिश करते देख प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ने का काम शुरू कर दिया. इस दौरान विरोध करने वालों को हिरासत में ले लिया गया. 

फिलहाल राजस्थान यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है. सड़क पर बिखरे पोस्टर और पुलिस की गाड़ियां इस बात की गवाही दे रही हैं कि आज जयपुर की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी में वैचारिक टकराव किस स्तर पर पहुंच गया है. पुलिस प्रशासन हर आने-जाने वाले की आईडी चेक कर रहा है और कैंपस के भीतर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है.

NSUI कार्यकर्ताओं ने क्यों किया विरोध?

NSUI कार्यकर्ताओं के इस प्रदर्शन का मुख्य कारण आज शाम राजस्थान विश्वविद्यालय के संविधान पार्क में होने वाले RSS के 'मातृशक्ति संवाद: प्रमुख जन गोष्ठी' है. कार्यकर्ताओं का तर्क है कि विश्वविद्यालय जैसे शिक्षण संस्थानों का उपयोग राजनीतिक और वैचारिक एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए नहीं किया जाना चाहिए. प्रदर्शनकारियों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रमों से कैंपस के लोकतांत्रिक और शैक्षणिक माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, इसीलिए उन्होंने इस आयोजन को तुरंत रोकने की मांग करते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया.

ABVP ने कही थी मुंहतोड़ जवाब देने की बात

इस प्रदर्शन से कुछ घंटे पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के राष्ट्रीय प्रतिनिधि भारत भूषण ने कहा था कि NSUI का यह विरोध राजनीति से प्रेरित है. एनएसयूआई संघ के कार्यक्रमों का विरोध केवल अपने नेताओं को 'लॉन्च' करने और राजनीतिक माइलेज लेने के लिए करती है. 'मातृशक्ति संवाद' कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से विधिवत अनुमति ली गई और निर्धारित शुल्क भी जमा किया गया, इसलिए इसे रोकना अनुचित है. यादव ने चेतावनी भी दी थी कि अगर विरोध हुआ तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close