विज्ञापन

कफ सिरप से कैसे मरे बच्चे? विपक्ष ने पूछा सीधा सवाल तो स्वास्थ्य मंत्री बोले- वजह दूसरी थी

राजस्थान विधानसभा में आज विपक्ष ने सरकार से पिछले साल कफ सिरप पीने के बाद बच्चों की मौत के बारे में सवाल पूछे.

कफ सिरप से कैसे मरे बच्चे? विपक्ष ने पूछा सीधा सवाल तो स्वास्थ्य मंत्री बोले- वजह दूसरी थी
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर (File) और कफ सिरप की प्रतीकात्मक तस्वीर
@GajendraKhimsar

राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज सदन में खांसी की दवा से बच्चों की मौत का मामला गूंजा. राजस्थान में पिछले वर्ष अक्टूबर में कफ सिरप पीने के बाद चार बच्चों की मौत हो गई थी और इस मामले पर बड़ा हंगामा हुआ था. आज विधानसभा की कार्रवाई में सरकार से इसी बारे में जवाब मांगा गया. विपक्ष ने पूछा कि इस सिलसिले में क्या जांच हुई है और दोषी लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है. इसका जवाब राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने दिया.

राजस्थान की बूंदी विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के विधायक हरिमोहन शर्मा ने विधानसभा में सरकार से कफ सिरप से हुई मौतों के बारे में सफाई मांगी. हालांकि, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि यह प्रश्नकाल से जुड़ा प्रश्न नहीं है. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी कहा कि कफ सिरप का मुद्दा सवाल में नहीं पूछा गया है. देवनानी ने कहा कि एक भी बच्चे की मौत होना दुखद है, लेकिन इस विषय पर विपक्ष चाहे तो अलग से नियमों के तहत आ सकता है.

लेकिन,  नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि यह कफ सिरप नि:शुल्क दवा योजना के तहत वितरित की गई थी इसलिए इस पर सफाई दी जानी चाहिए कि निशुल्क दवा में आई कफ सिरप से मौत क्यों हुई, और इस पर क्या कार्रवाई हुई?

"कफ सिरप से कोई डेथ नहीं हुई"

इसके जवाब में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि ये मौतें कफ सिरप से नहीं बल्कि उनके ओवरडोज से हुई थीं. मंत्री ने कहा,"इसका मुख्य कारण यह था कि बच्चों के माता-पिता ने उन्हें जो खांसी की दवा दी गई थी, वही दवा दो साल के छोटे बच्चों को दे दी थी. उस दवा में कोडीन और दूसरे केमिकल होते हैं. ओवरडोज की वजह से बच्चों की मौत हुई. उनमें से दो बच्चे ऐसे थे जिन्हें दूसरी बीमारियां थीं. "

चिकित्सा मंत्री ने यह भी कहा कि  बच्चों के लिए यह सिरप सरकारी डॉक्टर द्वारा प्रिस्क्राइब नहीं किया गया था, और ये दवाइयां पिछली कांग्रेस सरकार के समय से उपयोग में थीं. मंत्री ने कहा,"कोई भी डेथ कफ सिरप से नहीं हुई है. डेथ ओवरडोज़ और को-मॉर्बिडिटी की वजह से हुई है. हमारे पास इसकी पूरी विस्तृत रिपोर्ट है जो मैं माननीय सदस्य को दे दूंगा."

ये भी पढ़ें-: 

"क‍िसी को ग्‍वाला बना दो क‍िसी को गोबर बेचने में लगा दो", जूली बोले- मंत्री जी सही चल रहे हैं

Panchayat Election: राजस्थान में 14,600 से ज्यादा पंचायतों में चुनाव की तैयारी, वोटर लिस्ट फाइनल; मार्च में होगा तारीखों का एलान

LIVE TV देखें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close