देशभर में सोमवार (25 मई) सुबह पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है. जयपुर में पेट्रोल की दाम में 2.82 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. जबकि डीजल 2.72 रुपये महंगा हुआ है. जयपुर में पेट्रोल की कीमत 112.69 रुपए और डीजल की कीमत 97.81 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है. 15 मई को पहली बार पेट्रोल में 3.25 रुपए और डीजल में 3.02 रुपए प्रति लीटर बढ़ोतरी की गई थी. पिछले 10 दिनों के दौरान चौथी बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है.
10 दिन के भीतर करीब 8 रुपये महंगा पेट्रोल
खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के बीच पेट्रोल और डीजल को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है. इस महीने में पेट्रोल की कीमत में लगभग 7.94 रुपए और डीजल की कीमत में 7.57 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है. पेट्रोल और डीजल के बढ़े दाम आम आदमी के लिए परेशानी पैदा कर रहे हैं. ट्रांसपोर्ट की लागत बढ़ने का असर डेयरी, ग्रॉसरी और सब्जी जैसी सभी जरूरी चीजों पर भी पड़ सकता है.
एक्सपर्ट्स बोले- अभी जारी रह सकती है बढ़ोतरी
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से महंगाई की हर तरफ से मार आम आदमी को झेलनी पड़ेगी. अभी पेट्रोल डीजल और महंगा हो सकता है. इससे पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में भी इजाफा हुआ था. मई के शुरुआत में 19 किलोग्राम के कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 993 रुपए बढ़ाए गए. फिलहाल, राजस्थान में 19 किलोग्राम का कॉमर्शियल सिलेंडर अब 3099 रुपये में मिल रहा है. हालांकि घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रहने से मामूली राहत जरूर है.
यह भी पढ़ेंः नौतपा हुआ शुरू, श्रीगंगानगर में तापमान 46 डिग्री; IMD ने जारी कर दिया अलर्ट