विज्ञापन

Rajasthan Bar Council Election: जयपुर में बार काउंसिल चुनाव में हंगामा, वोटिंग सस्पेंड; धांधली के आरोप

राजस्थान के बार काउंसिल चुनाव में सबसे ज्यादा मतदान केंद्र जयपुर में हैं लेकिन वहां एक घंटे की वोटिंग के बाद ही हंगामे के बाद वोटिंग को स्थगित कर दिया गया.

Rajasthan Bar Council Election:  जयपुर में बार काउंसिल चुनाव में हंगामा,  वोटिंग सस्पेंड; धांधली के आरोप
बार काउंसिल के चुनाव में बड़ी संख्या में अधिवक्ता वोट देने आए
NDTV

राजस्थान में बार काउंसिल के चुनाव में आज पूरे राज्य में मतदान चल रहा है. सुबह 8 बजे से मतदान चल रहा है. लेकिन इसी बीच जयपुर में मतदान के दौरान भारी हंगामे की खबर आई है. राजस्थान हाई कोर्ट की जयपुर बेंच में पोलिंग बूथ पर हंगामे के बाद वहां मतदान स्थगित कर दिया गया है. इस मतदान केंद्र पर मत डालने आए वकीलों ने फर्जी वोटिंग के आरोप लगाए और कहा कि चुनाव में पारदर्शिता की कमी है. इसके बाद कुछ देर वोटिंग बाधित रहा और इसके बाद जानकारी आई है कि वहां मतदान स्थगित कर दिया गया है.

मतदान केंद्र पर मौजूद एक महिला वकील ने बताया कि मतदान केंद्र पर एक घंटे तक वोटिंग हुई लेकिन इसके बाद हंगामा हो गया. वकील ने कहा,"हमें वोटिंग स्लिप दिए गए, लेकिन मतदान के लिए जब गए तो बैलट पेपर नहीं दिए गए. एक और मतदाता के साथ ऐसा हुआ और उसे बताया गया कि उसके वोट डल चुके हैं. अंदर झगड़ा हो रहा था."

कुछ वकीलों ने मतदान के अंदर धांधली को न्यायपालिका के इतिहास में एक काला दिन बताया. एक अन्य महिला वकील ने बताया कि उनके लिए यह उत्सव की तरह था लेकिन इस तरह से धांधली होना बहुत निराशाजनक है. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

जयपुर में सबसे ज्यादा मतदान केंद्र

इस चुनाव में सबसे ज्यादा मतदान केंद्र जयपुर में है जहां राजस्थान हाई कोर्ट की पीठ है. इस मतदान केंद्र पर 14,781 अधिवक्ता वोटर पंजीकृत हैं. हाई कोर्ट बूथ पर मतदान के लिए 200 केबिन बनाए गए हैं. यहां एक समय में 200 अधिवक्ताओं के मतदान करने की सुविधा रखी गई है. जयपुर में हाईकोर्ट के अलावा सेशन कोर्ट, फैमिली कोर्ट, आमेर और सांगानेर कोर्ट में भी पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. जयपुर में कुल 22 हजार वोटर हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

8 साल पहले हुआ था आखिरी चुनाव

बार काउंसिल ऑफ राजस्थान, प्रदेश में अधिवक्ताओं की सर्वोच्च संस्था है. यह चुनाव आठ साल बाद करवाए जा रहे हैं. बार काउंसिल के चुनाव 2023 में होने थे लेकिन इसमें तीन साल की देर हो गई.  बार काउंसिल का कार्यकाल वैसे तो पांच साल का ही होता है, लेकिन अलग-अलग कारणों से ये चुनाव लगातार टलते रहे. अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद, राज्य सरकार की निगरानी में यह चुनावी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है. चुनाव के जरिए 23 सदस्य चुनकर आएंगे, जबकि 2 सदस्यों को मनोनीत किया जाएगा.  इसके बाद यही 25 सदस्यों की नई टीम मिलकर बार काउंसिल के नए चेयरमैन का चुनाव करेगी.

ये भी पढ़ें-: Rajasthan Bar Council Election: बार काउंसिल चुनाव में 23 पदों पर 234 प्रत्याशियों में मुकाबला, जानिए कब आएंगे परिणाम

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close