विज्ञापन

Rajasthan Budget 2026: राजस्थान में बिना कागज के भी होगा अस्पतालों में फ्री इलाज, स्वास्थ्य क्षेत्र में कई बड़े ऐलान

Rajasthan Budget 2026: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आगामी वित्त वर्ष में राजस्थान में चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी सुविधा का ऐलान किया है.

Rajasthan Budget 2026: राजस्थान में बिना कागज के भी होगा अस्पतालों में फ्री इलाज, स्वास्थ्य क्षेत्र में कई बड़े ऐलान

Rajasthan Budget: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री तथा वित्त मंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट में चिकित्सा क्षेत्र में विभिन्न सुविधाओं की घोषणा की है. इनमें एक बड़ा ऐलान उन्होंने समाज के ऐसे लोगों के इलाज के बारे में किया है जो दस्तावेजों के अभाव में इलाज से वंचित रह जाते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे बेबस लोगों को अब मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी.

दिया कुमारी ने अपने बजट भाषण में कहा,"ऐसे असहाय, विमंदित, लावारिस रोगी जिनके पास दस्तावेज नहीं होने की वजह से समुचित चिकित्सा सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता उन्हें मुख्यमंत्री चिकित्सा आरोग्य योजना एवं निरोगी राज्य योजना के तहत निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ दिलाया जाएगा."

वित्तमंत्री ने चिकित्सा और स्वास्थ्य  क्षेत्र से जुड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि सरकार प्रयासरत है कि प्रत्येक प्रदेशवासी को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं मिले. 

'समृद्ध राजस्थान, स्वस्थ राजस्थान' - कुछ प्रमुख घोषणाएं

वित्तमंत्री ने चिकित्सा और स्वास्थ्य  क्षेत्र से जुड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि साल 2047 तक 'समृद्ध राजस्थान, स्वस्थ राजस्थान' के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का यूनिवर्सल कवरेज देने का लक्ष्य है. इसके तहत औसत आयु को 77 साल से ज्यादा करने, तथा मातृ मृत्यु दर को घटाकर 15 प्रति लाख, और शिशु मृत्यु दर को 10 प्रति हज़ार से कम करने तथा सशक्त इमर्जेंसी सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है.

वित्त मंत्री ने सड़क दुर्घटना और आपात स्थिति में मरीजों को जल्द इलाज मिल सकने के उद्देश्य से राज सुरक्षा - राजस्थान सिस्टम फॉर अर्जेंट रिस्पांस एक्सीडेंट स्टेबलाइजेशन एंड हॉस्पिटल एक्सेस योजना लागू किए जाने की घोषणा की. इस योजना के तहत नजदीकी अस्पताल और उपलब्ध मेडिकल सुविधाओं की सटीक जानकारी दिए जाने के नजरिए से 24 घंटे कमांड सेंटर की स्थापना की जाएगी.

स्थानीय स्तर पर हार्ट अटैक की समय पर पहचान कर लोगों का जीवन बचाया जा सके इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर ही एक टेली एक्स थ्रांबोसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

संभाग स्तर पर सभी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को चरण तरीके से कार्डियक लाइव सपोर्ट सर्टिफिकेशन का प्रशिक्षण दिया जाएगा. सड़क हादसों में मृत्यु दर को कम करने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस धारकों के लिए सीपीआर का प्रशिक्षण अनिवार्य किया जाना प्रस्तावित है.

दिया कुमारी ने कहा कि 250 मॉडर्न एंबुलेंस चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी. हाईवे पर रेस्ट एरिया में एंबुलेंस तैनात की जाएगी.

ट्रॉमा और इमरजेंसी पॉलिसी लाने के साथ ही ट्रॉमा सेवाओं के सुधारीकरण के लिए 150 करोड रुपए की लागत से अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएगी.

प्रदेश के सभी हॉस्पिटल में आग के हादसों की रोकथाम के लिए जरूरत के मुताबिक फायर डिटेक्शन सिस्टम लगाए जाएंगे. फायर सेफ्टी इक्विपमेंट के लिए पहले चरण में 300 करोड़ रुपए खर्च होंगे.

मरीज और उनके परिजनों के ठहरने की सुविधा के लिए जयपुर अजमेर बीकानेर उदयपुर कोटा और जोधपुर के मेडिकल कॉलेज में मुख्य चिकित्सालय में 500 करोड़ रुपए की लागत से अधिक विश्रामगृह बनाए जाएंगे.

वित्त मंत्री के बजट की मुख्य बातें

वित्त मंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान की भजनलाल सरकार में अपना तीसरा बजट पेश करते हुए कई अहम घोषणाएं की हैं जिन्हें आप इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं - 

Rajasthan Budget 2026 Live Updates: राजस्थान में बनेगी खुद की टेस्टिंग एजेंसी, 10-12वीं के बच्चों को मिलेंगे 20 हजार रुपये, पढ़ें बजट के बड़े ऐलान

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close