विज्ञापन
24 days ago

Rajasthan News Today 17 Feb 2026 Highlights: राजस्थान के लिए आज का दिन खबरों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है. प्रदेश की सबसे बड़ी और हृदयविदारक खबर खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी से सामने आई है, जहां एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके और अग्निकांड ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है. इस दर्दनाक हादसे में 7 मजदूरों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है. वहीं प्रशासन अब उन अवैध इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है जो रिहायशी इलाकों के करीब नियमों को ताक पर रखकर चल रही थीं.

दूसरी ओर, राजधानी जयपुर स्थित विधानसभा में आज राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर होंगी. बजट सत्र की चर्चा का आज अंतिम दिन है, जिसमें उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी बजट पर विपक्ष के सवालों का जवाब पेश करेंगी. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली द्वारा सरकार की घेराबंदी किए जाने की संभावना है, जिससे सदन में तीखी बहस देखने को मिल सकती है. सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. सदन में आज 22 तारांकित और 22 अतारांकित प्रश्न सूचीबद्ध हैं.

इन सब के बीच, राजस्थान के मौसम ने भी अपनी चाल बदल ली है. एक तरफ जहां बाड़मेर और जैसलमेर जैसे जिलों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंचकर समय से पहले गर्मी का एहसास करा रहा है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए जयपुर, जोधपुर और बीकानेर सहित 20 से अधिक जिलों में बारिश और आंधी का 'यलो अलर्ट' जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से होने वाला यह बदलाव किसानों की चिंता बढ़ा सकता है. 

राजस्थान की इन तमाम बड़ी और विशेष खबरों पर हमारी पैनी नजर बनी हुई है. पल-पल की ताजा अपडेट के लिए हमारे इस लाइव ब्लॉग के साथ जुड़े रहें.

Here Are The Highlights of Rajastha Breaking News

Rajasthan Breaking LIVE Update: बीकानेर में बारिश के बाद बदला मौसम

पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर में मौसम में अचानक से परिवर्तन हुआ है. यहां बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है. अब बारिश और ओलावृष्टि की वजह से ठंड बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.

Rajasthan Breaking LIVE Update: हाईवे पर खड़े ट्रेलर में घुसा बाइक चालक गंभीर रूप से घायल

बहरोड़ में हाईवे पर उपवन सोसाइटी के सामने सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में पीछे से बाइक जा घुसी. हादसा इतना तेज था कि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर सड़क किनारे लंबे समय से खड़ा था, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है. खास बात यह सामने आई कि ट्रेलर की नंबर प्लेट पर काला तेल लगाकर नंबर छिपाने की कोशिश की गई थी.

Rajasthan Breaking LIVE Update: पप्पू यादव पहुंचे अजमेर कहा- अपने लिए नहीं देश के लिए दुआ मांगी

बिहार के पटना से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (राजेश रंजन) जेल से बाहर आने के बाद मंगलवार को अजमेर पहुंचे. जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध अजमेर दरगाह में ज़ियारत की। दरगाह पहुंचकर उन्होंने देश की तरक्की, आपसी भाईचारे और शांति की दुआ मांगी. पप्पू यादव ने कहा कि उनकी कामना है कि पूरे देश में नफरत समाप्त हो और सभी जाति, धर्म व विचारधारा के लोग आपसी सम्मान के साथ मिलजुल कर रहें. उन्होंने आगे कहा कि 'उन्होंने दरगाह में अपने लिए कुछ नहीं मांगा, बल्कि देश, समाज और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की दुआ की है.'

Rajasthan Breaking LIVE Update: दौसा में अतिक्रमण पर कार्रवाई के बाद प्रशासन की चेतावनी

शहर में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के खिलाफ मंगलवार शाम प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया. दौसा नगर परिषद और कोतवाली थाना पुलिस दौसा की संयुक्त कार्रवाई में गांधी तिराहा, लालसोट रोड, माणगंज और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाया गया.शाम करीब 5 बजे शुरू हुए अभियान में दुकानों के बाहर रखे सामान, ठेले और अस्थायी ढांचों को हटाया गया. करीब 50 से अधिक लोगों के चालान काटे गए और ₹29,200 से ज्यादा की जुर्माना राशि वसूली गई. कई स्थानों से अतिक्रमण का सामान जब्त किया गया. वहीं आगे भी अभियान चलाने की प्रशासन ने चेतावनी भी दी है.

Rajasthan Breaking LIVE Update: प्रतापगढ़ CMHO डॉ. जीवराज मीणा पर भ्रष्टाचार के आरोप

प्रतापगढ़ CMHO डॉ. जीवराज मीणा पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है. कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया ने जांच और स्थानांतरण की अनुशंसा की है. CMHO पर निजी चिकित्सालय संचालक ने वसूली और धमकाने का आरोप लगाया गया था. शिकायत के बाद जांच समिति का गठन किया गया था, जिसकी रिपोर्ट में अनियमितताएं सामने आई. डॉ जीवराज मीणा को पद से हटाने की अनुसंशा की गई. वहीं नेशन हेल्थ मिशन के निदेशक को पत्र भेजा गया. 

Rajasthan Breaking LIVE Update: गंगापुर सिटी दो मोटर साइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत

गंगापुर सिटी के पास गंगा जी की कोठी के नजदीक एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई.

Rajasthan Breaking LIVE Update: सिरोही में ACB की बड़ी कार्रवाई

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), जयपुर की विशेष अनुसंधान इकाई द्वारा  ट्रैप कार्रवाई करते हुए दिनेश कुमार वैष्णव कनिष्ठ तकनीकी सहायक (संविदाकर्मी ), पंचायत समिति रेवदर, जिला सिरोही को परिवादी से 80,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking Live: जयपुर में एक वाइट स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को कुचला

जयपुर में एक वाइट स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को कुचल दिया हादसे में मोहित और वीरेंद्र की मौक़े पर मौत हो गई . घटना का CCTV फ़ुटेज भी सामने आया है घटना झोटवाड़ा इलाक़े की है हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक स्कॉर्पियो सहित फ़रार हो गया है .पुलिस उसकी तलाश में जुटी है .DCP वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया कि फ़ुटेज के आधार पर आरोपी स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है.

Rajasthan Breaking Live: भूमाफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

बाड़मेर नगर परिषद ने आज भूमाफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरसाती नाले की जमीन पर वर्षों से काबिज होकर बैठे लोगों को बेदखल कर अतिक्रमण तोड़ने की कार्रवाई की गई . जिन लोगों से जमीन खरीदी है उनके आज भी अतिक्रमण पड़े हैं लेकिन गरीबों के घर को जाने जा रहे हैं दरअसल बाड़मेर शहर के गेहूं रोड स्थित खसरा संख्या 1437 जो गैर मुमकिन नल की जमीन है और नगर परिषद के अधीन है जिस पर भूमाफियाओं ने कब्जा करके लोगों को स्टांप पर बेच दी थी और लोगों ने वहां पर कच्चे पक्के घर बनाकर निवास कर रहे थे जिसके बाद आज नगर परिषद आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में पुलिस व राजस्व विभाग और नगर परिषद का अतिक्रमण निरोधी दस्ता मौके पर पहुंचा और मौके से अतिक्रमण तोड़कर करोड़ की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करवाया. 

Rajasthan Breaking Live: प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टरों की गिरफ़्तारी की माँग

राजस्थान हाई कोर्ट के बाहर प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टरों की गिरफ़्तारी की माँग को लेकर एडवोकेट ने रोड जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं ..उनकी माँग है कि जब तक डॉक्टर को गिरफ़्तार नहीं किया जाएगा वह धरने पर बैठे रहेंगे एक एडवोकेट की माताजी की अस्पताल में लापरवाही की वजह से निधन हो गया था इसके बाद अधिवक्ताओं ने निविक हॉस्पिटल के ख़िलाफ़ मोर्चा खोला है

Rajasthan Breaking Live: राजस्थान हाई कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों को किया APO

Rajasthan High Court द्वारा प्रशासनिक आवश्यकताओं के चलते न्यायिक अधिकारियों को एपीओ (Awaiting Posting Order) पर मुख्यालय में रखने का आदेश जारी किया गया है। यह आदेश 17 फरवरी 2026 को जारी हुआ, जिसमें जिला एवं सत्र न्यायाधीश संवर्ग तथा वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश संवर्ग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय में पदस्थापन आदेश की प्रतीक्षा में रखा गया है।

जारी आदेश के अनुसार जिन न्यायिक अधिकारियों को एपीओ किया गया है, उनमें-

अजय शर्मा – जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जोधपुर महानगर

मनीषा चौधरी – न्यायाधीश, POCSO एक्ट प्रकरण संख्या-1, जोधपुर महानगर

मनीषा शर्मा – अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या-2, जोधपुर महानगर

नेहा शर्मा – अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जोधपुर जिला

करुणा शर्मा – वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-cum-मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोधपुर जिला

प्रवीण चौधरी – अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-cum-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-2, जोधपुर महानगर

सीमा संधू – अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-cum-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-9, जोधपुर महानगर

मनोज जिंगर – अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-cum-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-7, जोधपुर महानगर

आदेशानुसार सभी अधिकारियों को उनके नाम के सामने उल्लेखित मुख्यालय में आगामी पदस्थापन आदेश की प्रतीक्षा में रखा गया है। यह आदेश रजिस्ट्रार जनरल चंचल मिश्रा द्वारा जारी किया गया.

Rajasthan Breaking Live: गैंगस्टर रविंद्र कटेवा व पंकज रूलानिया की आज फिर कोर्ट में पेशी

मनीष भामू हत्याकांड मामले में आज गैंगस्टर रविंद्र कटेवा व पंकज रूलानिया को भरी पुलिस जाब्ते के बीच आज पुलिस रिमांड के लिए सीकर कोर्ट में पेश किया गया. जहां से कोर्ट ने दोनों आरोपियों को पुलिस पूछताछ के लिए तीन दिन के डिमांड पर भेजा है. अब उद्योग नगर थाने में दर्ज मामले में पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ करेगी. अज्ञात रहेगी दोनों आरोपियों को बीते दिन गैंगस्टर रविंद्र कटेवा को हाई सिक्योरिटी भरतपुर जेल व पंकज रूलानिया को उदयपुर जेल से सीकर कोर्ट में पेश कर प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया था. आज एक बार फिर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया. 

Rajasthan Breaking Live: बेरोजगारी, पेपर लीक और छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रदर्शन

सीकर कलेक्ट्रेट पर एनएसयूआई का धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया. वहीं  बेरोजगारी, पेपर लीक और छात्रसंघ चुनाव बहाली सहित 11 सूत्री मांगों का मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया. इस दौरान वहां प्रशासन मुस्तैद थी और भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा.

Rajasthan Assembly LIVE Update: सदन में भारी हंगामा, 5 बजे तक कार्यवाही स्थगित

राजस्थान विधानसभा में आज गतिरोध चरम पर पहुंच गया, जहां भारी हंगामे के चलते सदन की बैठक छठी बार स्थगित करनी पड़ी. 

दोपहर बाद जैसे ही स्पीकर वासुदेव देवनानी ने चेयर संभाली, कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी; स्पीकर के बार-बार आग्रह के बावजूद विपक्ष अपनी सीटों पर नहीं लौटा. 

इस शोर-शराबे के बीच ही संसदीय कार्य मंत्री ने आउटकम बजट 2026-27 पेश किया और दोनों ध्यानाकर्षण प्रस्तावों को स्थगित कर दिया गया. 

सदन में बढ़ते तनाव और नारेबाजी को देखते हुए अध्यक्ष ने अंततः कार्यवाही को शाम 5 बजे तक के लिए टाल दिया है.

विधानसभा की बैठक आज पांचवीं बार हुई स्थगित

आसन पर आते ही सभापति संदीप शर्मा ने आधे घंटे के लिए बैठक स्थगित करने की घोषणा कर दी. अब सदन की कार्यवाही 2:30 बजे तक स्थगित रहेगी. 

Gold Silver Rates: सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

जयपुर के सर्राफा बाजार से खरीदारों के लिए राहत भरी खबर आ रही है, जहां सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई है. जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के आंकड़ों के अनुसार, चांदी की कीमतों में 6,500 रुपये की कटौती के साथ भाव 2,42,500 रुपये प्रति किलो पर आ गया है. वहीं, सोने में भी 2,600 रुपये की कमी देखी गई है, जिससे शुद्ध सोना (24 कैरेट) 1,56,000 रुपये और जेवराती सोना (22 कैरेट) 1,45,900 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है. बाजार जानकारों का मानना है कि इस गिरावट से शादियों के सीजन के बीच खरीदारी में एक बार फिर तेजी देखने को मिल सकती है.

भिवाड़ी फैक्ट्री में आग में मरे 7 मजदूरों का होगा पोस्टमार्टम

भिवाड़ी में खुशखेड़ा के एक फैक्ट्री में कल हुए धमाके और आग लगने से मारे गए 7 मजदूरों के शवों का आज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा.  इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर राहुल गोयल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद हर बॉडी का तीन-तीन सैंपल लिए जाएंगे जिन्हें जयपुर जांच के लिए भेजा जाएगा.

2 बजे से शुरू होगी विधानसभा की कार्यवाही

विधानसभा की कार्यवाही लंच ब्रेक के बाद दोपहर 2 बजे शुरू होगी. इससे पहले गाय के मुद्दे पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे से फिर 12:30 बजे और फिर 1 बजे तक के लिए स्थगित किया गया था.

विधायक गोपाल शर्मा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की तैयारी

कांग्रेस विधायक दल बीजेपी के विधायक गोपाल शर्मा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए सचेतक रफीक खान ने कुछ विधायकों के दस्तखत करवाए हैं. कांग्रेस गोपाल शर्मा के विधानसभा में वेल क्रॉस करने को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है.

विधानसभा की कार्रवाई 1 बजे तक स्थगित

गाय पर हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही को दोपहर 1 बजे तक किया स्थगित. 

राजस्थान हाई कोर्ट को बम की धमकी

जयपुर में राजस्थान हाई कोर्ट को एक और बम की धमकी मिली है. यह धमकी ईमेल से भेजी गई थी, जिसमें कहा गया था कि दोपहर की इस्लामी नमाज से पहले कोर्ट में 19 बम फटेंगे. इसमें कहा गया है कि कोर्ट में मौजूद सभी मुसलमानों को दोपहर 12:20 बजे तक बाहर निकाल लिया जाना चाहिए.

हर बार की तरह इस बार भी यह ईमेल तमिलनाडु से आया है.  धमकी भरे मेल को लेकर फिलहाल सुरक्षा ऐंजेसिया हाई अलर्ट पर है . तीन टीम घंटों से हाईकोर्ट परिसर  के चप्पे पर सर्च कर रही है. 

विधानसभा 12:30 बजे तक स्थगित

गाय के मुद्दे पर सदन में हंगामा होने पर विधानसभा की बैठक को पहले 12 बजे और बाद में फिर से आधे घंटे यानी 12:30 बजे तक स्थगित कर दिया गया है. 

Rajasthan Assembly LIVE: विधानसभा में हाई वोल्टेज ड्रामा, हाथापाई की नौबत

राजस्थान विधानसभा में आज उस वक्त मर्यादाएं तार-तार होते बचीं, जब सदन स्थगित होने के बाद पक्ष-विपक्ष के विधायक आपस में उलझ गए. गाय के मुद्दे पर हुए भारी हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित की गई थी, लेकिन असली ड्रामा इसके बाद शुरू हुआ. 

भाजपा विधायक गोपाल शर्मा बोलते-बोलते विपक्ष की बेंचों की तरफ जा पहुंचे और कांग्रेस विधायकों से अपनी निर्लिप्तता की बात कहने लगे. इसी दौरान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और विधायक अशोक चांदना के साथ उनकी तीखी तनातनी हो गई. 

बात इतनी बिगड़ गई कि नौबत हाथापाई तक आ पहुंची. माहौल गरमाता देख मंत्री जोगाराम पटेल और अन्य विधायकों ने तुरंत बीच-बचाव किया और गोपाल शर्मा को वेल से बाहर निकालकर लॉबी में ले गए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई.

सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

मंत्री के जवाब के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया. इस वजह से स्पीकर वासुदेव देवनानी ने सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक स्थगित कर दिया. 

Rajasthan Assembly LIVE: गाय को राज्य माता का दर्जा देने का सवाल

बालमुकुंद आचार्य ने सदन में गाय से जुड़े सवाल पूछे थे, जिसका जवाब लिखित में उन्हें सौंपा गया था. हालांकि विधायक उस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए. बालमुकुंद आचार्य ने कहा, मंत्री ने प्रश्न का स्पष्ट और तथ्यात्मक उत्तर देने के स्थान पर इधर-उधर जवाब दिया. मैंने स्पष्ट पूछा है कि क्या गाय को राज्य माता का दर्जा देने का सरकार विचार रखती है? बाद में इसके जवाब में मंत्री ने कहा कि नहीं, अभी ऐसा कोई विचार नहीं है.

Rajasthan Assembly LIVE: पदमपुर अस्पताल पर घमासान, मंत्री खींवसर ने पिछली सरकार को घेरा

विधानसभा प्रश्नकाल के दौरान विधायक रूपेंद्र सिंह कुन्नर ने पदमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बेड बढ़ाने और गायनिक डॉक्टरों की कमी का मुद्दा गरमाया. कुन्नर ने सवाल उठाया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित उनके क्षेत्र की 9 सीएचसी में महिला डॉक्टर नहीं हैं, आखिर कब तक स्टाफ और बजट मिलेगा?

जवाब में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने सीधा हमला पिछली सरकार पर बोला. मंत्री ने कहा कि 2021 की बजट घोषणा में पदमपुर का स्पष्ट उल्लेख न होना पिछली सरकार की बड़ी चूक थी, जिसके कारण देरी हुई. हालांकि, अब राहत की खबर यह है कि 6.08 करोड़ रुपये की लागत से पदमपुर अस्पताल को क्रमोन्नत किया जाएगा. गायनिक डॉक्टर की कमी पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि जानकारी जुटाकर जल्द व्यवस्था कर दी जाएगी.

JJM पर सियासत: विधायक रफीक खान का सरकार पर हमला, पूछा- बजट में कटौती क्यों?

जयपुर में कांग्रेस विधायक रफीक खान ने जल जीवन मिशन (JJM) मामले में एसीबी की कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है. खान ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि दो साल बीत जाने के बाद भी सरकार केवल बातें कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है. उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने 45 लाख कनेक्शन का वादा किया था, लेकिन अब तक मात्र 14 लाख ही पूरे हुए हैं, जिनमें से 8 लाख का वर्क ऑर्डर कांग्रेस सरकार के समय का है. विधायक ने सवाल उठाया कि एक तरफ कार्रवाई का दिखावा हो रहा है और दूसरी तरफ बजट में सबसे ज्यादा कटौती इसी मिशन में की गई है, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है.

Rajasthan News LIVE: जैसलमेर में सेना का शक्ति प्रदर्शन, बैटल एक्स डिवीजन की ड्रिल से थर्राए धोरे

जैसलमेर के सरहदी इलाकों में भारतीय सेना की 'बैटल एक्स डिवीजन' ने एकीकृत फायरिंग ड्रिल्स के जरिए अपनी युद्धक क्षमताओं और रणनीतिक कौशल का जोरदार प्रदर्शन किया है. इस युद्धाभ्यास के दौरान 'डेज़र्ट वॉरियर्स' ने रेगिस्तानी धोरों में बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए सटीक निशानेबाजी और त्वरित तैनाती का अद्भुत परिचय दिया. कमांडरों की मौजूदगी में हुए इस अभ्यास का मुख्य फोकस सिंक्रनाइज्ड टारगेटिंग और फायर कंट्रोल प्रणाली पर रहा, जहां सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में भी अपनी ऑपरेशनल तत्परता को साबित किया. सेना का यह अभ्यास न केवल सीमा सुरक्षा के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि रेगिस्तानी सीमा पर सैन्य दक्षता और जवाबदेही के नए मानक भी स्थापित करता है.

जयपुर में न्याय के लिए सड़क पर वकील, रात भर जाम रहा हाई कोर्ट मार्ग

इलाज में लापरवाही के मामले को लेकर वकीलों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है. कल सुबह 11 बजे से शुरू हुआ रास्ता जाम आज दूसरे दिन भी जारी है, जिसके चलते वकीलों ने पूरी रात जयपुर हाई कोर्ट के सामने सड़क पर ही गुजारी. 

निविक हॉस्पिटल के संचालक डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े अधिवक्ता समुदाय ने पुलिस प्रशासन पर पक्षपात का गंभीर आरोप लगाया है. 

वकीलों का कहना है कि पर्याप्त समय बीतने के बाद भी प्रभावशाली डॉक्टर के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जबकि आम नागरिक के मामले में पुलिस की तत्परता कुछ और होती है. 

इस लंबे जाम के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

Bikaner Road Accident News: बीकानेर के भीमसेन सर्किल पर बस और ट्रक में जोरदार भिड़ंत, सड़क पर फैली सब्जियां

बीकानेर के व्यस्ततम भीमसेन सर्किल पर आज अलसुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में लदी सब्जियां पूरी सड़क पर बिखर गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. अलसुबह हुए इस हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया. गनीमत रही कि समय रहते राहत कार्य शुरू हो गया, पुलिस अब हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है.

Udaipur News Today LIVE: 'कुत्तों को शिफ्ट करो या हमें', उदयपुर के तिलक नगर में भड़के लोग

उदयपुर के सेक्टर 3 स्थित तिलक नगर में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब क्षेत्रवासियों का धैर्य जवाब दे गया है. कॉलोनी के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने सड़कों पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आक्रोशित लोगों ने यहां तक कह दिया कि "यदि प्रशासन कुत्तों को शिफ्ट नहीं कर सकता, तो यहां रहने वाले इंसानों को ही कहीं और शिफ्ट कर दिया जाए." 

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कुत्तों के झुंड अब न केवल दोपहिया वाहनों के पीछे भागते हैं, बल्कि स्कूल जाते बच्चों के लंच बॉक्स छीनने और मंदिर जाते बुजुर्गों पर हमला करने से भी बाज नहीं आ रहे. किसी बड़ी अनहोनी के डर से सहमे लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है.

Rajasthan Road Accident LIVE: चूरू के सादुलपुर में अनियंत्रित होकर पलटी बोलेरो

चूरू के सादुलपुर में मंगलवार को इन्दासर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां यात्रियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में वाहन सवार करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सादुलपुर पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए नाथ जी अस्पताल भर्ती कराया. 

जानकारी के अनुसार, घायल यात्री जोधपुर के रहने वाले हैं और एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर निकले थे. फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या चालक को झपकी आने के कारण.

Rajasthan News LIVE Updates: डीडवाना में भाजपा नेता को धमकी के विरोध में कुचामन सिटी बंद

भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को रंगदारी के लिए मिली जान से मारने की धमकी के विरोध में आज कुचामन सिटी के बाजार पूरी तरह बंद हैं. सर्व समाज के आह्वान पर बुलाए गए इस बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है, जहां सुबह से ही शहर के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद नजर आ रही हैं. सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर स्थानीय व्यापारियों और आमजन में भारी आक्रोश है. 

घोषित कार्यक्रम के अनुसार, बंद के दौरान बड़ी संख्या में लोग स्थानीय थाने के सामने एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रशासन पर दबाव बनाएंगे.

Rajasthan News LIVE: बीकानेर के मुकाम फाल्गुनी मेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

बीकानेर के नोखा स्थित बिश्नोई समाज के मुख्य धाम मुकाम में फाल्गुनी मेले के अवसर पर आस्था का महाकुंभ उमड़ पड़ा है. गुरु जम्भेश्वर के समाधि स्थल पर देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं ने धोक लगाकर खुशहाली की मन्नत मांगी. इस दौरान पर्यावरण शुद्धि के संकल्प के साथ श्रद्धालुओं ने पवित्र हवन कुंड में घी और खोपरे से आहुतियां दीं. मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है.

Rajasthan High Court Bomb Threat LIVE News: जोधपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली करवाकर सभी गेट किए गए बंद

जोधपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी भरी सूचना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा की दृष्टि से आनन-फानन में हाईकोर्ट के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं. एहतियात के तौर पर कोर्ट में मौजूद सभी वकीलों, कर्मचारियों और परिवादियों को गार्डन एरिया में जाने के निर्देश दिए गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है.

Rajasthan LIVE News: श्रीगंगानगर में घर की डिग्गी में मिला ढाई माह की मासूम का शव

श्रीगंगानगर के घड़साना से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां ढाई महीने की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, बच्ची रात को अपनी मां के साथ सोई थी, लेकिन सुबह 4 बजे अचानक गायब मिली. काफी तलाश करने के बाद मासूम का शव घर में ही बनी पानी की डिग्गी में तैरता हुआ मिला. इस मामले में बच्ची के दादा ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है कि आखिर रात के अंधेरे में बच्ची डिग्गी तक कैसे पहुंची.

Rajasthan LIVE: चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध शनि महाराज मंदिर का खुला भंडार, नोटों की हुई बारिश

मेवाड़ के सुप्रसिद्ध श्री शनि महाराज (आली का खोला) मंदिर में मासिक भंडार खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. पहले चरण की गणना में मुख्य मंदिर, नवग्रह मंदिर और तेल कुंड की दानपेटियों से 18 लाख 74 हजार 787 रुपए के नोट निकले हैं. मंदिर कमेटी के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सदस्यों की मौजूदगी में दानपात्रों को खोला गया है, जहां अभी भी शेष राशि और सिक्कों की गिनती जारी है.

Rajasthan News LIVE: झालावाड़ में ससुराल से प्रताड़ित किसान ने जहर खाकर दी जान

झालावाड़ के झालरापाटन में पत्नी और सास से विवाद के बाद 35 वर्षीय एक किसान ने गोमती सागर ब्रिज के पास जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर युवक को जंजीरों से बांधकर बेरहमी से पीटने और प्रताड़ित करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

Holi Special Train Bikaner: होली पर चलेगी भावनगर-बीकानेर स्पेशल ट्रेन

उत्तर पश्चिम रेलवे ने होली के त्योहार पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए बीकानेर से भावनगर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू की है. यह ट्रेन 22 फरवरी से 29 मार्च तक कुल 6 ट्रिप लगाएगी. बीकानेर से यह ट्रेन हर सोमवार सुबह 9 बजे रवाना होगी. 22 डिब्बों वाली यह विशेष रेलसेवा कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे होली पर घर जाने वाले प्रवासियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

Jaisalmer News LIVE: जैसलमेर में गोचर भूमि बचाने के लिए ग्रामीणों का हल्ला बोल

जैसलमेर में ओरण और गोचर भूमि को सोलर कंपनियों को आवंटित करने के विरोध में आज जिलेभर के ग्रामीण और पर्यावरण प्रेमी लामबंद हो गए हैं. जिला मुख्यालय स्थित आलाजी मंदिर से इस महापड़ाव का आगाज हुआ है. प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि सोलर कंपनियों को दी गई और प्रस्तावित भूमि का आवंटन तुरंत रद्द किया जाए और इन जमीनों को राजस्व रिकॉर्ड में 'ओरण-गोचर' के रूप में दर्ज किया जाए. ग्रामीणों का आरोप है कि इन आवंटनों से स्थानीय पारिस्थितिकी और पशुपालन को भारी नुकसान हो रहा है.

Jaipur News LIVE: जयपुर में जनपथ आज बंद, वकीलों का प्रदर्शन, कई रूट डायवर्ट

जयपुर के हाई कोर्ट के बाहर वकीलों के प्रदर्शन के चलते आज जनपथ पर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. अंबेडकर सर्किल से सहदेव मार्ग तक सामान्य ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा. 

22 गोदाम, टोंक रोड और रामबाग़ की ओर से आने वाली बसों और मिनी बसों को डायवर्ट किया गया है.

सचिवालय और हाई कोर्ट जाने वाले कर्मचारियों व आमजन को तिलक मार्ग और पृथ्वीराज रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है. 

ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए नारायण सिंह तिराहा और चौमू हाउस चौराहा मार्ग का उपयोग करने की अपील की है.

Rajasthan LIVE: जयपुर से दिल्ली तक ACB की छापेमारी, IAS और इंजीनियरों सहित 9 हिरासत में

राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में आज सुबह एसीबी (ACB) की एसआईटी टीम ने बड़ा एक्शन लिया है. जयपुर, दिल्ली, बाड़मेर, सीकर सहित 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी चल रही है. जांच की आंच रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल के ठिकानों तक भी पहुंच गई है. डीआईजी रामेश्वर सिंह के नेतृत्व में चल रही इस सर्च में 15 से ज्यादा आरोपियों के ठिकानों को खंगाला जा रहा है. अब तक केडी गुप्ता, सुशील शर्मा और अरुण श्रीवास्तव सहित करीब 9 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है. भ्रष्टाचार के खिलाफ इस बड़ी कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

Rajasthan Breaking News LIVE: सीकर में NSUI का बड़ा प्रदर्शन आज

सीकर में आज छात्रों और युवाओं का बड़ा शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है. एनएसयूआई (NSUI) जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा के नेतृत्व में हजारों छात्र एसके स्कूल ग्राउंड से कलेक्ट्रेट तक 'आक्रोश रैली' निकालेंगे. छात्रों की मुख्य मांग पेपर लीक और ओएमआर शीट घोटाले की CBI जांच कराने की है. इसके अलावा छात्रसंघ चुनाव बहाल करने, बेरोजगारी भत्ता जारी करने और CET परीक्षा जल्द आयोजित करने जैसी 11 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा. इस प्रदर्शन के चलते कलेक्ट्रेट पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है.

Rajasthan News LIVE: जयपुर में 37 हजार ड्राइवरों के लाइसेंस होंगे रद्द

जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. डीसीपी ट्रैफिक सुमित मेहरड़ा के नेतृत्व में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत फरवरी महीने में अब तक 16 FIR दर्ज की जा चुकी हैं. पुलिस की जांच में कई वाहनों की रफ्तार 150 किमी/घंटा से भी ज्यादा मिली है. ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर सख्ती का आलम यह है कि पिछले एक साल में करीब 8 लाख चालान काटे गए हैं. वहीं, बार-बार ओवरस्पीडिंग करने वाले 37,356 चालकों के लाइसेंस सस्पेंड करने के लिए परिवहन विभाग को सूची भेजी गई है. पुलिस का साफ संदेश है—स्टंट और लापरवाही अब जेल पहुंचाएगी.

दौसा में 'लुटेरी दुल्हन' का शिकार बना युवक, शादी के नाम पर 3.50 लाख की ठगी

दौसा के बांदीकुई (बसवा) से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बनापुरा निवासी अनिल कुमार से शादी के नाम पर 3.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई.

पीड़ित का आरोप है कि 10 दिसंबर 2025 को एग्रीमेंट के जरिए उसका विवाह यूपी की शिवानी से कराया गया था, लेकिन 30 दिसंबर को दुल्हन बर्तन साफ करने के बहाने घर से सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार की नकदी लेकर फरार हो गई. 

थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली, जिसके बाद अब न्यायालय के आदेश पर 6 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. 

पुलिस अब यूपी के सोनभद्र की रहने वाली दुल्हन और बिचौलियों की तलाश में जुट गई है.

CBSE बोर्ड एग्जाम शुरू, राजस्थान के 1.72 लाख छात्र दे रहे परीक्षा

आज से CBSE 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो रही हैं. राजस्थान के 1300 स्कूलों के लगभग 1.72 लाख विद्यार्थी इस बार मैदान में हैं, जिनके लिए पूरे प्रदेश में 740 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा केंद्रों पर एंट्री को लेकर जबरदस्त सख्ती है और सुबह 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. 

पहले दिन 10वीं के छात्रों ने गणित (बेसिक व स्टैंडर्ड) की परीक्षा देंगे. वहीं 12वीं के लिए हिंदी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे विषयों के पेपर होंगे. नकल रोकने के लिए उड़नदस्ते लगातार केंद्रों पर निगरानी रख रहे हैं.

खेती-किसानी में AI की एंट्री, शिवराज सिंह आज जयपुर से लॉन्च करेंगे 'भारत-VISTAAR'

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जयपुर में देशभर के किसानों के लिए AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म 'भारत-VISTAAR' लॉन्च करेंगे. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम का मकसद किसानों को स्मार्ट बनाना है. 

इस प्लेटफॉर्म के जरिए किसान मौसम, मंडी भाव और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी एक ही जगह पा सकेंगे. खास बात यह है कि साधारण फीचर फोन रखने वाले किसान भी सिर्फ 155261 पर कॉल करके इसका लाभ उठा सकेंगे. 

कार्यक्रम में 'एआई फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप' और 'एग्रीकोष' की भी घोषणा की जाएगी, जिससे खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिलेगा.

Rajasthan LIVE News: बारां में कूनो के चीते का 'किल'

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता KP-2 एक बार फिर राजस्थान की सीमा में लौट आया है. सोमवार को बारां जिले के रामगढ़ क्रेटर वनक्षेत्र में चीते की ताजा लोकेशन मिली है, जहां उसने एक नीलगाय का शिकार किया है. खास बात यह है कि चीता शिकार के साथ एक सरसों के खेत में देखा गया है, जिसकी पुष्टि डीसीएफ विवेकानंद माणिकराव बडे ने की है.

चीता पिछले 28 घंटों से लगातार MP और राजस्थान की सीमा के बीच मूवमेंट कर रहा है. सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है, क्योंकि फिलहाल किसान खेतों में सरसों की कटाई कर रहे हैं. कूनो और बारां वन विभाग की टीमें रेडियो कॉलर और पगमार्क के जरिए चीते की पल-पल की मॉनिटरिंग कर रही हैं. यह तीसरी बार है जब चीता राजस्थान की सरहद में दाखिल हुआ है.

Rajasthan LIVE: किशनगढ़ में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करेंगे 41 फीट ऊंची बालाजी प्रतिमा का अनावरण

अजमेर के किशनगढ़ में 22 फरवरी को भव्य 'धर्म महोत्सव' का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मुख्य आकर्षण होंगे. मयूरा सिटी में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में पंडित शास्त्री 41 फीट ऊंची भव्य बालाजी प्रतिमा का अनावरण करेंगे. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शिरकत करेंगी, जबकि अध्यक्षता केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी करेंगे. महोत्सव की शुरुआत 21 फरवरी को काजल हिंदुस्तानी के संबोधन के साथ होगी. सनातन परिवार और मां भारती रक्षा मंच की इस पहल के तहत ओल्ड एज डे केयर सेंटर का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिसे आयोजक किशनगढ़ के इतिहास का सबसे बड़ा धार्मिक समागम बता रहे हैं.

Kota News LIVE: कोटा बाल संप्रेषण गृह फरारी मामले में बड़ी कामयाबी, पिस्टल के साथ दबोचा गया शातिर 'बाबू बंडल'

कोटा के बाल संप्रेषण गृह से जाली काटकर भागने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बारां पुलिस ने इस फरारी कांड के मुख्य चेहरे वीरेंद्र सिंह रघुवंशी उर्फ बाबू बंडल को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बाबू बंडल के साथ ही फरार हुए एक अन्य बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया है. गौरतलब है कि 1 फरवरी को कोटा के रावतभाटा रोड स्थित सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फिल्मी अंदाज में सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए थे. इस गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Close