विज्ञापन
16 days ago

Rajasthan News Today, 18 February 2026: आज राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही काफी अहम रहने वाली है, जहां प्रश्नकाल के साथ-साथ तृतीय श्रेणी शिक्षकों के आवंटन और महापुरुषों की प्रतिमाओं की गाइडलाइन जैसे मुद्दे सदन में छाए रहेंगे. वहीं, जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जिससे प्रदेश के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है. भिवाड़ी में हुए भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने अवैध पटाखा फैक्ट्रियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. साथ ही, मौसम विभाग ने आज जयपुर, बीकानेर और अजमेर सहित कई संभागों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. राजस्थान की राजनीति से लेकर भ्रष्टाचार के बड़े खुलासों और मौसम के बदलते मिजाज तक, हर अपडेट के लिए इस लाइव ब्लॉग से जुड़ें.

Here Are The Live Updates of Rajasthan News Today

Rajasthan Breaking LIVE Update: दिल्ली नेशनल हाईवे पर ट्रक ने केमिकल टैंकर को मारी टक्कर

दिल्ली नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने टैंकर को मारी टक्कर, ट्रक के टक्कर से केमिकल भरा टैंकर पलट गया. NH पर केमिकल का हो रहा रिसाव. घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची.

Rajasthan Breaking LIVE Update: कोटा में घर के बाहर चाकूबाजी में युवक की मौत

कोटा में चाकूबाजी की घटना सामने आई है जिसमें एक शख्स की मौत हो गई है. कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र के बोम्बे योजना में चाकूबाजी की घटना हुई. चाकूबाजी में युवक विक्रम की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घर के बाहर 4- 5 युवकों ने बुलाकर किया चाकू से हमला किया. घटना के बारे में आपसी रंजिश बताया जा रहा है. परिवार ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस पूरे मामले में जांच में जुटी है.

Rajasthan Breaking LIVE Update: भिवाड़ी कांड पर कार्रवाई करते हुए DST टीम को किया गया भंग

भिवाड़ी कांड पर डीएसटी टीम को भंग कर 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है. राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा–कारौली औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट प्रकरण ने अब पुलिस महकमे की आंतरिक व्यवस्था को भी कटघरे में ला खड़ा किया है. जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राघवेंद्र सुहास ने कार्रवाई करते हुए भिवाड़ी की डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है. टीम प्रभारी मुकेश वर्मा सहित चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है.

इनमें हेड कॉन्स्टेबल योगेश कुमार शर्मा, कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार तथा कॉन्स्टेबल जगपाल सम्मिलित हैं. मुकेश वर्मा से टपूकड़ा थानाधिकारी का प्रभार भी वापस ले लिया गया है.

Rajasthan Breaking LIVE Update: गुरुवार से रमजान का पहला रोजा होगा शुरू

प्रदेश में रमजान का चांद नजर आया जिसके बाद हिलाल कमेटी ने आधिकारिक रूप से चांद दिखने का ऐलान किया है. इसके बाद कल यानी गुरुवार (18 फरवरी) से रमजान महीने का पहला रोजा रखा जाएगा. यह फैसला जामा मस्जिद में हुई कमेटी की बैठक में लिया गया.  बैठक के बाद मुस्लिम समुदाय को रमजान शुरू होने की सूचना दी गई. पूरे एक महीने तक रोजा, नमाज और विशेष इबादतों का दौर चलेगा. मस्जिदों में तरावीह और इबादत की तैयारियां तेज हुईं.

Rajasthan Weather LIVE News: जयपुर जा रही रोडवेज बस ट्रक में जा घुसी

जयपुर जिले के दूदू  में NH-48 पर गिदानी के पास अजमेर से जयपुर की ओर जा रही रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए. सूचना मिलते ही मोखमपुरा SHO सुरेश गुर्जर मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली . पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को दूदू उप जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है. जानकारी के अनुसार बस अजमेर से जयपुर की ओर जा रही थी. हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच-48 पर लंबा जाम लग गया. जिसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया. फिलहाल मामले की जांच पड़ताल में जुटी है.

Rajasthan Weather LIVE News: रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल को लेकर लुक आउट नोटिस जारी

जल जीवन मिशन घोटाला मामले में रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल को लेकर लुक आउट नोटिस जारी किया गया है. बताया जा रहा है कि ACB की एसआईटी टीम ने जारी किया लुक आउट नोटिस. पूरे मामले में दो दिन में 10 गिरफ़्तारी कर चुकी है.

Rajasthan Breaking LIVE Update: 10 वर्ष पुराने डकैती मामले में कोर्ट सुनाई आरोपी को कठोर कारावास और अर्थदंड की सजा

धौलपुर डकैती प्रभावित क्षेत्र से जुड़े एक चर्चित जानलेवा हमले के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. करीब 10 वर्ष पुराने प्रकरण में विशिष्ट न्यायालय ने आरोपी को कठोर कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है. प्रकरण की सुनवाई कर रहे विशिष्ट न्यायाधीश राकेश गोयल ने आरोपी बृजमोहन उर्फ भगत पुत्र बनवारी लाल निवासी राजाखेड़ा को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास तथा 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है. अर्थदंड अदा नहीं करने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा.

Rajasthan Breaking LIVE Update: भिवाड़ी अग्निकांड के दोनों आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर भेजा

भिवाड़ी अग्निकांड के दोनों आरोपियों को तिजारा कोर्ट में पेश किया गया. खुशखेड़ा थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश के बाद 5 दिन रिमांड की मांग की, लेकिन कोर्ट ने 3 दिन का रिमांड दिया 21 फरवरी तक दोनों आरोपी रिमांड पर होंगे. पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है, बताया जा रहा है कि इसमें कई और नाम सामने आ सकते हैं. फैक्ट्रियों से जुड़े विभागों के कर्मचारियों की भी भूमिका सामने आ सकती है. जिससे पूछताछ पुलिस करेगी.

Rajasthan Breaking LIVE Update: गणेश्वर धाम पर हुए ब्लास्ट मामले में खुलासा 5 लोग डिटेन

सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके के गणेश्वर धाम पर हुए ब्लास्ट के मामले में आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा ने मामले का खुलासा किया उन्होंने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मामले में पांच लोगों को डिटेन किया गया है.उन्होंने बताया कि प्राथमिक दृष्टि में पूरा मामला तांत्रिक विद्या से जुड़ा हुआ है मामले में पांच लोगों को डिटेल किया गया है उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि झुंझुनू उदयपुरवाटी और गुढ़ागढौजी थाना के निवासी थे जो कि मेवात नूह निवासी एक तांत्रिक के संपर्क में आए थे जिसके बाद तांत्रिक ने सूटकेस में कुछ सामान दिया था और उसे विसर्जन करने के लिए कहा था सभी लोग ने गणेश्वर धाम पर पहुंचे और विसर्जन करते समय सूटकेस में ब्लास्ट हो गया. सूटकेस में क्या मैटेरियल था इसके बारे में अभी अनुसंधान किया जा रहा है. 

Rajasthan Breaking LIVE Update: सड़क नहीं बनने पर लोगों का नारा रोड नहीं तो वोट नहीं

बांसवाड़ा. शहर की खांदू कॉलोनी (वार्ड नंबर 24) में वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है. बुधवार को कॉलोनी वासियों ने नगर परिषद के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए “रोड नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि टूटी सड़क और उड़ती धूल के कारण आमजन का जीवन दूभर हो गया है. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है. आक्रोशित लोगों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में वार्ड 24 की ओर से मतदान का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा.

Rajasthan Breaking LIVE Update: केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर में डायमंड लैब का किया उद्घाटन

बीकानेर को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी सौगात मिली है जहाँ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल बीकानेर दौरे पर पहुंचे. उन्होंने पीबीएम अस्पताल में अत्याधुनिक डायमंड लैब का उद्घाटन किया. इस नई लैब के शुरू होने से कैंसर मरीजों को अब जांच के लिए बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. प्रदेश की दूसरी बड़ी डायमंड लैब बीकानेर में स्थापित होने से संभाग सहित आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों से आने वाले मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा. मेघवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत कर रही हैं. उनका कहना था कि बीकानेर में इस लैब की शुरुआत से कैंसर की जांच समय पर और सटीक हो सकेगी जिससे मरीजों का इलाज जल्द शुरू किया जा सकेगा.

Rajasthan Breaking LIVE Update: संविदाकर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी अनवरत जारी

शिक्षा विभाग में कार्यरत संविदाकर्मियों को इस बार भी बजट में नियमितीकरण को लेकर कोई राहत नहीं मिली. इसके विरोध में प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर सिरोही में जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद के सामने बुधवार को तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा. धरने में रेवदर विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत संविदाकर्मी शामिल हुए. धरने को जिला संयोजक चुनाराम परिहार ने संबोधित करते हुए बताया कि जब तब सफलता नहीं मिलेगी तब तक संघर्ष जारी रहेगा. संगठन के आह्वान पर सभी साथियों को एक होकर संघर्ष करना होगा. रेवदर ब्लॉक के अध्यक्ष भरत पटेल ने कहा कि वर्ष 2007-08 से नियमितीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ.

Rajasthan Breaking LIVE Update: हल्की बारिश के बाद SMS ट्रॉमा अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में भरा पानी

हल्की बारिश के बाद एसएमएस ट्रॉमा अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर के वेटिंग एरिया में पानी भर गया, जिसके बाद बुधवार को होने वाले सारे ऑपरेशन टाले गए हैं. हल्की बारिश से अस्पताल के कई हिस्सों में पानी रुकने की समस्या सामने आई. 

Rajasthan Breaking LIVE Update: नकली आधार व RC से टोल सिस्टम में वाहन चालक लगा रहे सेंध

चाकसू क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 स्थित शिवदासपुरा - बरखेड़ा चंदलाई टोल प्लाजा पर नकली पहचान पत्रों के जरिए टोल फ्री निकलने का बड़ा मामला सामने आया है. इस टोल प्लाजा पर पिछले तीन महीनों में कई फर्जी आधार कार्ड और वाहनों की नकली रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) पकड़ी गई हैं. टोल प्रबंधन की सतर्कता से इस पूरे खेल का खुलासा हुआ. जांच के दौरान सामने आया कि कुछ वाहन चालक नकली आधार और फर्जी आरसी के माध्यम से टोल सिस्टम में सेंध लगाकर शुल्क से बचने का प्रयास कर रहे थे. कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध सरकारी आईडी भी बरामद की गई है.

Rajasthan Breaking LIVE Update: श्रीगंगानगर में आयकर विभाग ने NH स्थित फैंटम रेस्टोरेंट की छापेमारी

श्रीगंगानगर में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे स्थित फैंटम रेस्टोरेंट पर छापा मारा. आयकर विभाग की टीम पुलिस जाब्ते के साथ रेस्टोरेंट पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की. कार्रवाई के दौरान टीम ने कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर कंप्यूटर डेटा भी खंगाला. सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई आयकर चोरी से जुड़ी गोपनीय सूचनाओं के सत्यापन के बाद की गई है. बताया जा रहा है कि प्रदेश के कई शहरों में रेस्टोरेंट समूह से जुड़े संचालकों और ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई. इस दौरान अधिकारी ने कुछ भी कहने से मना कर दिया.

Rajasthan Breaking LIVE Update: DJ साउंड पिकअप वैन की चपेट में आने से दो मासूम को मौत

टोंक के गोलडूंगरी क्षेत्र में एक शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब शादी समारोह में बासन लेने जाते समय गाने बजाते डीजे की पिकअप की चपेट में आने से दो मासूमों की मौत हो गई. घटना में 6 साल के कुलदीप और 7 साल की दिलखुश की मौत हो गई. वहीं एक महिला और दो बच्चे घायल हो गए. घटना के बाद DJ वाला पिकअप वैन लेकर फरार हो गया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Rajasthan Breaking LIVE Update: बीकानेर में जनरल स्टोर की दुकान पर एसिड अटैक

बीकानेर में एसिड अटैक का मामला सामने आया है. यहां बड़ा बाजार में जनरल स्टोर पर एसिड अटैक की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस मामले में साक्ष्य जुटा रही है. हालांकि इस अटैक में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

ऑनलाइन रिश्वत लेने वाला कनिष्ठ सहायक कैश लेते वक्त रंग हाथ गिरफ्तार

राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की श्रीगंगानगर इकाई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद् चूरू के कनिष्ठ सहायक सुभाष चन्द्र शर्मा को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी ने परिवादी से वर्ष 2023-24 के मनरेगा कार्यों के बकाया भुगतान को पास करने के बदले कुल ₹15,000 की मांग की थी, जिसमें से ₹10,000 वह पहले ही 'फोन-पे' के माध्यम से ऑनलाइन ले चुका था. शेष राशि न देने पर भुगतान रोकने की धमकी से परेशान परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाया और ट्रैप की कार्यवाही को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. फिलहाल, एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ और आगे का अनुसंधान जारी है.

अजमेर में 'बुलडोजर' एक्शन की तैयारी, सरपंच हत्याकांड के बाद प्रशासन का बड़ा फैसला

अजमेर सरपंच हत्याकांड LIVE: डुमाडा सरपंच हत्याकांड में देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा के दखल के बाद प्रशासन ने फरार आरोपियों पर 'बुलडोजर' चलाने और अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने की लिखित सहमति दे दी है. भडाणा ने स्पष्ट किया है कि यदि अगले 2 दिनों में गिरफ्तारी नहीं हुई तो समाज 'उबड़ा का देवड़ा' मंदिर पर जुटकर उग्र आंदोलन करेगा. इसके साथ ही, पिछले 5 वर्षों के विकास कार्यों की तहसीलदार स्तर पर जांच और मृतक पूर्व सरपंच के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जिससे पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.

IT Raid Jaipur: कान्हा रेस्टोरेंट ग्रुप पर Income Tax का छापा, जयपुर से मुंबई तक 33 ठिकानों पर रेड

राजस्थान के नामचीन फूड चेन 'कान्हा' (Kanha) और रेस्टोरेंट संचालकों के ठिकानों पर आज सुबह आयकर विभाग ने 'सर्जिकल स्ट्राइक' की है. प्रदेश की राजधानी जयपुर सहित 6 बड़े शहरों और मुंबई में एक साथ 33 ठिकानों पर आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा (Investigation Wing) ने छापेमारी शुरू की है. आयकर चोरी की पुख्ता और गोपनीय सूचनाओं के सत्यापन के बाद विभाग की टीमों ने आज सुबह 7:00 बजे ही मोर्चा संभाल लिया. विभाग की इस बड़ी कार्रवाई का सबसे बड़ा केंद्र जयपुर है, जहां 26 ठिकानों पर टीमें मौजूद हैं. इसके अलावा उदयपुर के 2 ठिकाने, श्रीगंगानगर, कोटा, करौली, हिंडौन और मुंबई  में 1-1 ठिकाने पर रेड जारी है.

Youth Congress Election: राजस्थान यूथ कांग्रेस चुनाव का शेड्यूल जारी, मोबाइल ऐप से होगा नॉमिनेशन

राजस्थान यूथ कांग्रेस में वर्चस्व की जंग का बिगुल फूक दिया गया है. कांग्रेस ने प्रदेश में 50 जिलों की कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनावी बिगुल बजाते हुए पूरे कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. इस बार की चुनावी जंग पूरी तरह हाई-टेक होने वाली है, क्योंकि पूरी प्रक्रिया IYC ऐप के जरिए ऑनलाइन संपन्न होगी. 22 फरवरी से 9 मार्च तक नामांकन (Nomination) का दौर चलेगा, जिसके लिए सदस्यता शुल्क मात्र 75 रुपए रखा गया है. पूरे राजस्थान को 7 जोन्स में बांटा गया है और करीब 3 महीने तक चलने वाली इस लंबी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए यूथ कांग्रेस के नए लड़ाके चुने जाएंगे.

Rajasthan Breaking News LIVE: सीएम भजनलाल शर्मा ने आज शाम 6 बजे बुलाई हाई-लेवल मीटिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी अजमेर दौरे को लेकर राजस्थान की राजधानी जयपुर में हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज शाम 6:00 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में एक बड़ी तैयारी बैठक लेंगे. इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग में प्रदेश के सभी प्रमुख अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों के आला अफसर मौजूद रहेंगे. 

बैठक का मुख्य एजेंडा पीएम मोदी के दौरे की सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल और जनसभा की तैयारियों की समीक्षा करना है. मुख्यमंत्री खुद एक-एक बिंदु की मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि प्रधानमंत्री के आगमन पर भव्य और सुरक्षित इंतजाम सुनिश्चित किए जा सकें. राजस्थान की सियासत और प्रशासन के लिहाज से इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है.

Rajasthan Top News LIVE: उदयपुर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में रिटायर्ड फौजी की मौत

उदयपुर के उदय सागर-कुराबड मार्ग पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. प्रतापनगर थाना क्षेत्र में मस्जिद के पास दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर इतनी भयानक थी कि रिटायर फौजी सोहनलाल उछलकर सड़क से दूर जा गिरे, जबकि दूसरी पावर बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. 

चश्मदीदों के मुताबिक, भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और दोनों बाइक के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए. आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान फौजी सोहनलाल ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

Jaipur Poornima College Bomb Threat पूर्णिमा कॉलेज को उड़ाने की धमकी, मौके पर भारी पुलिस और बम निरोधक दस्ता

राजस्थान की राजधानी में शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाने का सिलसिला थम नहीं रहा है, जहां जगतपुरा के SKIT कॉलेज के बाद अब पूर्णिमा कॉलेज को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है. 

सूचना मिलते ही शिवदासपुरा थाना पुलिस, दमकल की गाड़ियाँ, सिविल डिफेंस और बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे कॉलेज परिसर को खाली करवाकर चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी शुरू कर दी गई है. 

हालांकि प्राथमिक जांच में इस मेल को 'फेक' या शरारतपूर्ण माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेते हुए अलर्ट मोड पर हैं और साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है.

Bulldozer Action LIVE: बूंदी में सोनू की हत्या करवाने वाले मुख्य आरोपी का अवैध किला ध्वस्त

राजस्थान के बूंदी जिले में चर्चित सोनूसिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी अरमान मोहम्मद के खिलाफ प्रशासन ने 'बुलडोजर' की बड़ी कार्रवाई की है. 

4 अगस्त को अपनी प्रेमिका के पति सोनू की 1 लाख की सुपारी देकर हत्या करवाने वाले आरोपी अरमान के सरकारी भूमि पर बने अवैध मकान को बुधवार को भारी पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में जमींदोज कर दिया गया. 

कोटा रेंज आईजी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान उपखण्ड अधिकारी और डीएसपी मौके पर मौजूद रहे. 

यह वही मामला है जिसमें हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया था, और अब प्रशासन ने आरोपी की अवैध संपत्ति पर पीला पंजा चलाकर अपराधियों को सख्त संदेश दिया है.

Jaipur SKIT College Bomb Threat: 'कॉलेज में 6 RDX बम फटेंगे, सिर्फ मुस्लिम स्टूडेंट्स को ही बाहर निकालें'

जयपुर के जगतपुरा स्थित SKIT इंजीनियरिंग कॉलेज को एक खौफनाक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें परिसर के भीतर 6 RDX बम फिट करने और ठीक 11:45 बजे धमाके करने की चेतावनी दी गई थी. 

'रमीज़ा हुसैन' के नाम से आए इस मेल में श्रीलंकाई सुसाइड अटैक की तर्ज पर आत्मघाती हमले की धमकी दी गई और सांप्रदायिक आधार पर छात्रों को बाहर निकालने जैसी आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं. 

सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे कॉलेज को खाली करवाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. हालांकि प्राथमिक तौर पर इसे दहशत फैलाने की साजिश या 'फेक कॉल' माना जा रहा है, लेकिन साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस कर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

Rajasthan Rain: सीकर में मौसम का यू-टर्न, दिन में हुआ शाम का अहसास

सीकर जिले में बुधवार सुबह नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया, जहां आसमान में छाए घने काले बादलों और मेघगर्जना के साथ हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ. मौसम विभाग की चेतावनी के बीच अचानक हुई इस हलचल से तापमान में गिरावट आई और हल्की सर्दी लौट आई है, वहीं किसान फसलों को लेकर संभावित नुकसान और फायदे के बीच मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

Rajasthan News LIVE: कालीसिंध थर्मल की दूसरी यूनिट 4 दिन से ठप, 600 MW बिजली उत्पादन प्रभावित

झालावाड़ स्थित कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट की दूसरी यूनिट शनिवार से आई तकनीकी खराबी के बाद लगातार चौथे दिन भी बंद है, जिससे हर घंटे होने वाला 600 मेगावाट बिजली उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है. हालांकि तकनीकी कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हैं, लेकिन अब तक यूनिट को दोबारा चालू करने में सफलता नहीं मिल पाई है, फिलहाल केवल पहली यूनिट से ही उत्पादन जारी है.

Rajasthan Top News LIVE: टोंक में बेटी की शान से निकाली बिंदोरी, लड्डू गोपाल को संग ले नाची दुल्हन

टोंक में ज्वेलर महावीर सोनी ने अपनी इकलौती बेटी मुस्कान की शादी से पहले बेटे की तरह शान से बग्घी पर बिंदोरी निकालकर 'बेटी-बेटा एक समान' का सशक्त संदेश दिया है. 

सीए ऑफिस में कार्यरत मुस्कान ने लड्डू गोपाल की प्रतिमा को संग लेकर नृत्य किया और समाज को बताया कि वह अपने माता-पिता के लिए बेटा और बेटी दोनों की जिम्मेदारी निभा रही हैं. 

पूरे शहर में धूमधाम से निकली इस बिंदोरी ने बेटियों के प्रति समाज की सकारात्मक सोच का एक नया उदाहरण पेश किया है.

Rajasthan Top News LIVE: स्कूल की निर्माणाधीन इमारत पर लटके मिले युवक-युवती

डूंगरपुर के चौरासी थाना क्षेत्र के गैंजी गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की निर्माणाधीन बिल्डिंग की छत पर निकले लोहे के सरियों से 22 वर्षीय मनोज और धम्बोला क्षेत्र की एक युवती के शव लटके हुए मिले. 

पुलिस के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है और मृतकों की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचित कर दिया गया है, फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Rajasthan Weather Update LIVE: सीकर, करौली और गंगापुर सिटी में बारिश शुरू, ऑरेंज अलर्ट जारी

राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सीकर, करौली और गंगापुर सिटी सहित कई इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. जहां सुबह से ही आसमान में छाए काले बादलों के बीच मेघगर्जना के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है. 

मौसम विभाग ने करौली में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली गिरने और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है, वहीं गंगापुर सिटी में खेतों और मंडियों में खुली पड़ी सरसों व गेहूं की फसलों पर बारिश की मार पड़ने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं.

Jodhpur News LIVE: 12 साल पुराने डोडापोस्त मामले में दोषी भागीरथराम को 10 साल की जेल

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जोधपुर की एनडीपीएस कोर्ट ने एक बड़ा और कड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने करीब 12 साल पुराने डोडापोस्त तस्करी के मामले में आरोपी भागीरथराम विश्नोई को दोषी करार देते हुए जेल भेज दिया है. कोर्ट के इस फैसले ने साफ कर दिया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ कानून का शिकंजा देर से ही सही, लेकिन बेहद मजबूती से कसता है.

Jodhpur News LIVE: प्रेम बाईसा मौत मामले में आज कंपाउंडर देवीसिंह से होगी पूछताछ

राजस्थान के जोधपुर की प्रसिद्ध कथा वाचक प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की तफ्तीश तेज हो गई है. इस पूरे प्रकरण में लापरवाही के आरोपी कंपाउंडर देवीसिंह को आज पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कल ही देवीसिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसके बाद अब उसकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं.

Rajasthan News LIVE: अजमेर के पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर निधन

अजमेर के डुमड़ा गांव के पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर का मंगलवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया. पूर्व सरपंच पिछले कई दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे. 

यह पूरा मामला रास्ते के अतिक्रमण विवाद से जुड़ा है. आरोप है कि गत दिनों विवाद के दौरान दबंगों ने रंजिश के चलते पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर पर बोलेरो चढ़ाकर जानलेवा हमला किया था. हमला इतना भयानक था कि गोविंदराम बुरी तरह घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

Jaipur Bomb Threat LIVE: जयपुर के SKIT कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली

राजस्थान की राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित SKIT कॉलेज (Swami Keshvanand Institute of Technology) में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया है. कॉलेज प्रशासन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आनन-फानन में पूरे कॉलेज परिसर को खाली करा लिया गया है. मौके पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग की गाड़ियाँ और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंच चुके हैं. कॉलेज के कोने-कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है.

Bhiwadi Factory Fire Update: भिवाड़ी अग्निकांड मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के भिवाड़ी में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है. पकड़े गए आरोपियों में कंपनी का मैनेजर अभिनंदन शामिल है, जिसकी देखरेख में कामकाज चल रहा था. वहीं, पुलिस ने हेमंत शर्मा को भी गिरफ्तार किया है, जिसने कंपनियों को लीज पर ले रखा था. इन दोनों पर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के गंभीर आरोप हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा.

Rajasthan Top News Today LIVE: देश की पहली रिवाइल्डिंग बाघिन के लिए अच्छी खबर, अब 21 हेक्टेयर के बड़े एनक्लोजर में होगी शिफ्ट

कोटा के मुकंदरा टाइगर रिजर्व में देश की पहली रिवाइल्डिंग बाघिन को खुले जंगल में छोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. एनटीसीए (NTCA) ने बाघिन को वर्तमान के 5 हेक्टेयर वाले छोटे एनक्लोजर से निकालकर नवनिर्मित 21 हेक्टेयर के बड़े एनक्लोजर में शिफ्ट करने की अनुमति दे दी है. 

करीब 14 महीने से छोटे दायरे में बंद बाघिन को अब बड़े क्षेत्र में रिलीज किया जाएगा, जिसके लिए रिजर्व प्रशासन ने चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन को सूचना भेज दी है. 

एनटीसीए की शर्तों के अनुसार, बड़े एनक्लोजर में रहने के बाद अंततः इस बाघिन को पूरी तरह खुले जंगल में आजाद कर दिया जाएगा.

Rajasthan Breaking News Today LIVE: 50 हजार की घूस लेते ट्रैप हुए अधीक्षण अभियंता निलंबित, हाल ही में हुए थे सम्मानित

अजमेर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आरोपी अधिकारी को ठेकेदार से पुराने वर्क ऑर्डर जारी करने की एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. 

चौंकाने वाली बात यह है कि जिस अधिकारी को हाल ही में विभागीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया था, उसने ठेकेदार से कुल 2 लाख रुपये की मांग की थी. एसीबी ने मौके से वर्क ऑर्डर की फाइलें और अहम दस्तावेज जब्त किए हैं और अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि इस वसूली तंत्र में क्या विभाग के अन्य कार्मिक भी शामिल थे.

Rajasthan News LIVE: आज 19 घंटे के लिए बंद हो जाएंगे बाबा श्याम के कपाट, जानें दोबारा कब खुलेंगे पट

सीकर के प्रसिद्ध खाटूधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है. बाबा श्याम की विशेष सेवा, पूजा-अर्चना और भव्य तिलक श्रृंगार के चलते मंदिर के कपाट आज यानी 18 फरवरी की रात 10:00 बजे से कल (19 फरवरी) शाम 5:00 बजे तक लगातार 19 घंटों के लिए बंद रहेंगे. मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, अमावस्या के बाद होने वाले इस विशेष शाही स्नान और चंदन तिलक श्रृंगार के लिए कपाट बंद किए गए हैं. कल शाम 5:00 बजे आरती के बाद ही श्रद्धालु बाबा के अलौकिक दर्शन कर सकेंगे. गौरतलब है कि 21 फरवरी से शुरू होने वाले वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले की तैयारियां भी तेज हो गई हैं, जिसके लिए रेलवे रींगस जंक्शन से 20 विशेष मेला ट्रेनें संचालित करेगा.

Rajasthan News LIVE: रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, शरीर के ऊपर से निकले ट्रक के टायर

डीग-कामा मार्ग पर हीरो एजेंसी के पास एक बेकाबू हाईवा ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे कामा उपखंड के छीछारवाड़ी निवासी रामेश्वर पुत्र फूल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के कई टायर युवक के ऊपर से गुजर गए, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही डीग कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने घातक ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मृतक देर शाम बाइक से अपने गांव लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार काल बनकर आए ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया.

Jaipur Rain Alert LIVE: जयपुर में गिरे ओले

राजधानी जयपुर में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है, जहां देर रात मौसम बदलने के साथ ही तेज हवाओं ने दस्तक दी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है. 

मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए जयपुर, सीकर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और अलवर सहित आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 

वहीं, बीकानेर, नागौर, पाली, कोटा और धौलपुर सहित कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी कर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है.

Chittorgarh Rain News Today: चित्तौड़गढ़ में हो रही बारिश

चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, जहां तेज मेघ गर्जना के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है. विशेषकर निम्बाहेड़ा क्षेत्र में रात ढाई बजे से सुबह साढ़े चार बजे तक रुक-रुक कर हुई बरसात ने मौसम को सुहाना बना दिया है. फिलहाल पूरे जिले में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों से हल्की बारिश की खबरें लगातार सामने आ रही हैं.

Rajasthan Assembly LIVE: राजस्थान विधानसभा में आज क्या होगा खास?

आज विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी, जिसमें उपमुख्यमंत्री डॉ. पीसी बैरवा के विभागों सहित ऊर्जा, राजस्व, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी और नगरीय विकास से जुड़े मुद्दों पर तीखे सवाल-जवाब होने तय हैं.

आज सदन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया जाएगा, वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए विधायक श्रीचंद कृपलानी 75 शिक्षकों को कार्यमुक्त करने का मुद्दा उठाएंगे और विधायक रतन देवासी महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाने के लिए नई गाइडलाइन की मांग करेंगे.

इसके साथ ही मंत्री झाबर सिंह खर्रा नगरीय विकास विभाग की 29 अधिसूचनाएं पटल पर रखेंगे और सभापति जितेंद्र गोठवाल गृह एवं पंचायती राज से संबंधित महत्वपूर्ण प्रतिवेदन सदन की मेज पर प्रस्तुत करेंगे.

Rajasthan Weather Update LIVE: बारिश से किसान हुए परेशान

रींगस उपखंड क्षेत्र में मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. देर शाम शुरू हुई बूंदाबांदी के बाद आज अलसुबह से ही फिर से हल्की बारिश का दौर जारी है, जिससे सर्दी का असर एक बार फिर बढ़ गया है. 

मौसम विभाग द्वारा बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी के बीच खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलों पर संकट मंडरा रहा है. क्षेत्र के कई इलाकों में फसल की कटाई शुरू हो चुकी है, ऐसे में इस बेमौसम बरसात ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं.

Rajasthan Rain Alert LIVE: कोटा के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू

कोटा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. आसमान में सुबह से ही घने काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है. बेमौसम हो रही इस बरसात और खराब मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि खेतों में खड़ी फसलों में एक बार फिर बड़े नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है.

Bhiwadi Factory News Update: भिवाड़ी अग्निकांड पर कलेक्टर और SP के बयानों ने खड़े किए बड़े सवाल

खैरथल-तिजारा के खुशखेड़ा में पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के दावों में बड़ा अंतर सामने आया है. 

जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने जहां हादसे के वक्त फैक्ट्री में 10 से कम मजदूर होने का दावा किया, वहीं SP मनीष चौधरी ने कलेक्टर के दावों की पोल खोलते हुए मौके पर 16 मजदूरों के होने की बात कही है.

दावों के इस टकराव ने पूरे मामले को चौंकाने वाला बना दिया है, जिससे साफ जाहिर हो रहा है कि 7 मजदूरों की मौत के बाद अब सर्वे के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है.

Rajasthan News LIVE: दो बाइकों की टक्कर में 4 युवक लहूलुहान, एक जयपुर रेफर

गंगापुर सिटी में गंगा जी की कोठी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिजवान, संतोष तमोली, धर्मेंद्र और गोलू सड़क पर गिरकर तड़पने लगे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने संतोष तमोली की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया है, जबकि अन्य तीन का इलाज जारी है. पुलिस ने तेज रफ्तार को हादसे का कारण बताते हुए दोनों क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर जांच शुरू कर दी है.

राजस्थान के लिए आज का दिन काफी गहमागहमी भरा रहने वाला है

NDTV राजस्थान के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. इस लाइव पेज पर आपको दिन भर की राजस्थान की अहम खबरें मिलेंगी.

कल का लाइव ब्लॉग पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

हमारी वेबसाइट पर पिछले दिन की कुछ ख़ास खबरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं - 

1. जल जीवन मिशन घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन, रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल समेत 15 ठिकानों पर रेड, 9 हिरासत में

2. 3 नहीं, अब 4 मार्च को मनेगी होली, होलिका दहन के बाद लगेगा चंद्रग्रहण का साया, नोट कर लें सूतक का समय

3. राजस्थान में एक और घोटाले की गूंज! किरोड़ीलाल मीणा ने खोला पूरा कच्चा-चिट्ठा

Close