विज्ञापन

राजस्थान पुलिस ने 15 दिनों में काटे 1.24 लाख चालान, दौसा- जयपुर में सबसे ज्यादा वाहनों नपे

राजस्थान पुलिस ने सड़क सुरक्षा के नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया. 15 दिनों में 1.24 लाख से ज़्यादा गाड़ियों का चालान काटा गया.

राजस्थान पुलिस ने 15 दिनों में काटे 1.24 लाख चालान, दौसा- जयपुर में सबसे ज्यादा वाहनों नपे
Rajasthan Traffic Police Campaign
NDTV

Jaipur Police Traffic Checking: राजस्थान की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुधारने और वीआईपी कल्चर के नाम पर हुड़दंग मचाने वालों को सबक सिखाने के लिए पुलिस मुख्यालय का विशेष अभियान जारी है.  पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के बाद प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. जिसके तहत  जिला पुलिस और ट्रैफिक टीमें दिन-रात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ  कार्रवाई कर रही हैं.

15 दिनों में 1.24 लाख से अधिक वाहनों के चालान

डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने बताया कि समेकित आंकड़ों पर नजर डालें तो 4 से 18 जून तक के 15 दिनों के भीतर राजस्थान पुलिस ने कुल 1,24,384 वाहनों के खिलाफ बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की है.

अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने वालों के खिलाफ की गई, जिसके तहत कुल 46,958 चालान काटे गए. इसके अलावा, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिह्न के 31,961 मामले, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह और लेखन के 17,209 मामले, वाहनों की बॉडी/चेसिस में अवैध परिवर्तन (मॉडिफिकेशन) के 12,232 मामले दर्ज किए गए। वहीं, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर लगाने पर 9,271 तथा प्रेशर हॉर्न व एयर हॉर्न के इस्तेमाल पर 6,753 मामलों में सख्त कार्रवाई की गई.

गुरुवार के एक्शन में 7,447 वाहन नपे

इस विशेष अभियान के तहत केवल गुरुवार को ही प्रदेशभर में कुल 7,447 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई. इनमें 2,577 मामलों में ब्लैक फिल्म हटाई गई, 1,813 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पर जुर्माना लगाया गया, 1,173 मामलों में अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह हटाने की कार्रवाई हुई, 849 मामलों में वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन, 603 मामलों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती व हूटर तथा 432 मामलों में प्रेशर/एयर हॉर्न के खिलाफ चालान किए गए.

दौसा और जयपुर में हुई सबसे ज्यादा कार्रवाई

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को दौसा जिले में सर्वाधिक 553 कार्रवाई दर्ज की गई. इसके बाद जयपुर पश्चिम में 534, अजमेर में 492, जयपुर यातायात (सिटी) में 369, जयपुर ग्रामीण में 353, चित्तौड़गढ़ में 347 और बांसवाड़ा में 303 मामलों में कार्रवाई की गई. वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी विशेष अभियान के तहत प्रभावी ढंग से कानून व्यवस्था सुनिश्चित की गई.

इन कार्रवाईयों को लेकर डीजी अनिल पालीवाल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त और निरंतर अभियान जारी रहेंगे.

यह भी पढ़ें: बूंदी के सरकारी स्कूल के 2 टॉपर्स को मिली मुफ्त हवाई यात्रा, बच्चों ने पहली बार देखा बादलों का नजारा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close