राजस्थान में प्री मानसून जमकर बरस रह है. गुरुवार (26 जून) को जयपुर, भीलवाड़ा, नागौर, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, चूरू और जोधपुर समेत कई जिलों में बरसात हुई. आज भी मौसम विभाग की ओर से 33 जिलों के लिए आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. प्री-मानसून की इस तूफानी बारिश से कल एक बार फिर कई जगह से तबाही की तस्वीरें सामने आई. राज्य में सर्वाधिक 56 मिमी बारिश चूरू के सरदारशहर में हुई.
जयपुर में चलती गाड़ी पर गिरा पेड़
राजधानी जयपुर में भी 2 इंच बरसात हुई. दोपहर बाद करीब 3 बजे मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज हवाओं के साथ 1 घंटे से भी ज्यादा समय तक बरसात का दौर जारी रहा. इस बीच शहर की सड़कों पर जलभराव देखने को मिला. रामनिवास बाग में रोड पर चलती गाड़ी पर नीम का पेड़ गिर गया. कई जगहों पर बिजली के पोल और पेड़ गिरने की तस्वीरें भी सामने आई.

जयपुर में 2 इंच बारिश.
30 जून से सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिन ये आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा. इसके बाद 30 जून से प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है. जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा. फिलहाल मानसून गुजरात, मध्यप्रदेश के कुछ और भागों में आगे बढ़ा है. आगामी 4 दिनों में गुजरात, एमपी, छत्तीसगढ़, यूपी, उत्तराखंड के कुछ भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियों अनुकूल है.
राज्य में गर्मी का कहर जारी
हालांकि, बरसात के इस दौर के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी भी सता रही है. फलोदी में सर्वाधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं, श्रीगंगानगर, बाड़मेर, जैसलमेर में भी तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा. कई जिलों में बारिश के दौर बीच धूप उमस को भी बढ़ा रही है.
यह भी पढ़ेंः डिजिटल अरेस्ट पर CBI का बड़ा एक्शन, 16 राज्यों के 80 ठिकानों पर छापेमारी