विज्ञापन

कोटपूतली में रसगुल्ला फैक्ट्री पर छापा, 810 किलो रसगुल्ले सीज और 100 किलो मिलावटी मिल्क केक नष्ट

जांच में सामने आया कि मौके पर मिला मिल्क केक दूध के बजाय सूजी, ग्लूकोज, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी से तैयार किया गया था, जिससे मिलावट की पुष्टि होने पर उसका नमूना लेकर शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.

कोटपूतली में रसगुल्ला फैक्ट्री पर छापा, 810 किलो रसगुल्ले सीज और 100 किलो मिलावटी मिल्क केक नष्ट

Kotputli: कोटपूतली कस्बे में बानसूर रोड स्थित एक रसगुल्ला फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 810 किलोग्राम रसगुल्ले सीज किए, जबकि करीब 100 किलोग्राम मिलावटी मिल्क केक मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया. जांच रिपोर्ट आने तक फैक्ट्री में रखे रसगुल्लों को सील कर दिया गया है. यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक डॉ. टी. शुभमंगला, जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. ओमप्रकाश सहारण तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह शेखावत के निर्देशन में की गई.

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बानसूर रोड स्थित मैसर्स किशन गोपाल रसगुल्ला फैक्ट्री का निरीक्षण किया. जांच के दौरान दो कार्टन में करीब 100 किलोग्राम मिल्क केक मिला. विक्रेता रोहिताश्व कुमार ने बताया कि यह मिल्क केक 140 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मंगवाया गया था, जबकि अधिकारियों के अनुसार शुद्ध मिल्क केक की वास्तविक निर्माण लागत लगभग 300 से 350 रुपये प्रति किलोग्राम होती है.

फैक्ट्री में 45 टिन रसगुल्ले भी मिले

जांच में सामने आया कि मौके पर मिला मिल्क केक दूध के बजाय सूजी, ग्लूकोज, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी से तैयार किया गया था, जिससे मिलावट की पुष्टि होने पर उसका नमूना लेकर शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इसी दौरान फैक्ट्री में 45 टिन रसगुल्ले भी मिले, जिनका कुल वजन 810 किलोग्राम था. विक्रेता ने इन्हें 70 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा होना बताया.

टिन रिपोर्ट आने तक सीज कर दिए गए हैं

रसगुल्लों में भी मिलावट और दूध के दूषित होने की आशंका के चलते नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं और सभी टिन रिपोर्ट आने तक सीज कर दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा अपनी टीम के साथ मौजूद रहे. विभाग ने आमजन से खाद्य मिलावट की सूचना तुरंत देने की अपील भी की है.

यह भी पढ़ें- 'बीजेपी के ताबूत में आखिरी कील किरोड़ी लाल मीणा ही ठोकेंगे' असेंबली में बोले कांग्रेस नेता रामकेश मीणा

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close