राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 में नकल रोकने के लिए तैयारी कर ली है. अगले दो दिन यानी 5 और 6 अप्रैल को भर्ती परीक्षा होंगी. भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकल मुक्त और पारदर्शी बनाने पर खासा जोर है. पिछली परीक्षाओं में हाईटेक नकल के मामले सामने आने के बाद सख्त रणनीति तैयार की है. इस परीक्षा में बार कान के भीतर छिपे सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस पकड़ने के लिए ईएनटी चिकित्सकों की मदद ली जाएगी. शनिवार (4 अप्रैल) को पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. ईएनटी विशेषज्ञ उन्हें सिखाएंगे कि कान के अंदर छिपे माइक्रो ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट चश्मे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पहचान कैसे की जाए.
2 दिन दो पारियों में होगी परीक्षा
5 अप्रैल: पहली पारी (सुबह 11 बजे से 1 बजे): सामान्य हिंदी
दूसरी पारी (दोपहर 3 बजे से 5 बजे): सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान
6 अप्रैल: पहली पारी (सुबह 11 बजे से 1 बजे): सामान्य हिंदी
दूसरी पारी (दोपहर 3 बजे से 5 बजे): सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान
परीक्षा केंद्र पर रहेंगे ये खास इंतजाम
- हर परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य वीडियोग्राफी
- केंद्र के बाहर सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी तैनात
- हर कक्ष में चालू दीवार घड़ी अनिवार्य
- अभ्यर्थी और स्टाफ दोनों के मोबाइल फोन पूर्ण प्रतिबंधित
- प्रवेश से पहले आधार कार्ड से पहचान मिलान और हैंड मेटल डिटेक्टर (HMD) से जांच
- स्पष्ट फोटोयुक्त पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं
7 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी रजिस्टर्ड
आरपीएससी सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि यह परीक्षा 1015 पदों के लिए आयोजित की जा रही है. कुल 7 लाख 70 हजार से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं और परीक्षा 26 जिला मुख्यालयों व 15 उपखंड मुख्यालयों पर कुल 41 शहरों के 1174 केंद्रों पर होगी. आयोग ने सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का उपयोग करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ेंः अप्रैल के महीने में ऐसी बारिश! राजस्थान में जनजीवन अस्त-व्यस्त, खेतों में ओले की सफेद चादर; फसलें बर्बाद