इजराइल और अमेरिका का ईरान पर हमला करने के बाद युद्ध के हालात बन गए. कोटा के तीन स्टूडेंट्स दुबई के अबू धाबी में फंस गए हैं. ईरान ने इजराइल के अलावा कतर, यूएई, जॉर्डन सहित मिडिल ईस्ट के कई देशों पर हमला किया है, जिससे वहां हवाई सेवाएं बंद हो गई हैं. कोटा के राजकुमार जैन के बेटे सिद्धार्थ जैन, कजिन सहित 3 स्टूडेंट्स दुबई में फंसे हुए हैं. उनके साथ सीकर दिल्ली के 4 और स्टूडेंट्स भी हैं.
स्टूडेंट्स के परिजन परेशान
स्टूडेंट्स के परिजन परेशान हैं. परिवार के लोगों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है. बच्चों को सुरक्षित वापस भारत लाने की मांग की है. सिद्धार्थ जैन के पिता राजकुमार ने बताया कि बेटे से बातचीत हो रही है, उसने कहा कि वहां लगातार आसमान में मिसाइल नजर आ रही है. सिद्धार्थ वहां से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है. 2 साल से वह दुबई में रह रहा है. अभी 20 दिन पहले ही वह कोटा से दुबई गया था.
जरूरी सामान की व्यवस्था कराई
पिता राजकुमार जैन ने बताया कि फिलहाल सिद्धार्थ से बातचीत के बाद उनको राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था करवा दी गई है. कोटा की रहने वाली तानिया शर्मा भी कनाडा से मुंबई लौटते वक्त अबू धाबी एयरपोर्ट पर कनेक्टिंग फ्लाइट रद्द होने के बाद फंस गई हैं. तान्या शर्मा के पिता मुंबई में रहते हैं, उनका परिवार कोटा के भीमगंज मंडी क्षेत्र में रहता है.
स्पीकर ओम बिरला से मदद मांगी
परिवार के लोगों ने भी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मदद के लिए संपर्क किया है. परिजनों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मदद की गुहार लगाई है. दुबई में फंसे सिद्धार्थ के पिता ने बताया कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष और केंद्र सरकार से मदद मांगी है. बच्चों की डिटेल मांगी गई थी, जो भेज दी है. लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि वे लगातार बच्चों से सम्पर्क बनाए हुए हैं. जैसे ही कोई इंतजाम होगा, उन्हें तत्काल भारत ले आएंगे.
यह भी पढ़ें: कौन थे ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई? जानें उनके बारे में 10 बातें