विज्ञापन

टोंक: कर्ज से परेशान दामाद का ससुर के घर पर डाका,  14 लाख की चोरी का पर्दाफाश

टोंक में कर्ज से परेशान एक दामाद ने अपने ही ससुर के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर 13 लाख से अधिक की नकदी और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है.

टोंक: कर्ज से परेशान दामाद का ससुर के घर पर डाका,  14 लाख की चोरी का पर्दाफाश
टोंक में कर्ज से परेशान एक दामाद ने अपने ही ससुर के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

Rajasthan News: राजस्थान के टोंक जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक दामाद ने अपने ही ससुर के घर पर डाका डाल दिया. कर्ज के बोझ से दबे दामाद ने सोचा था कि ससुर के घर से नकदी चुराकर वह अपनी मुसीबतें खत्म कर लेगा लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

मामला टोंक जिले के सोहेला गांव का है. यहां रहने वाले नंदलाल बैरवा के घर पर 30 जून 2026 की रात को अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया. चोर घर के कमरे में रखे 14 लाख रुपये लेकर फरार हो गए. सुबह जब चोरी का पता चला तो हड़कंप मच गया. नंदलाल बैरवा ने तत्काल बरौनी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

सीसीटीवी फुटेज और तकनीक से खुला राज

पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशानुसार बरौनी थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की. पुलिस ने इलाके में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया. जांच में पुलिस को कुछ ऐसे सबूत मिले जिससे शक की सुई घर के अंदर के व्यक्ति पर ही घूमी. कड़ी पूछताछ और पुख्ता सबूतों के सामने आने के बाद आरोपी श्योराज बैरवा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

पुलिस ने बरामद की पूरी रकम

आरोपी श्योराज बैरवा मृतक रामदयाल बैरवा का बेटा है और पीड़ित नंदलाल बैरवा का दामाद है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी की गई 13 लाख 58 हजार 500 रुपये की भारी-भरकम राशि बरामद कर ली है. साथ ही वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई आल्टो कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.

पुलिस की तत्परता की सराहना

पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी सराहना हो रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव और वृत्ताधिकारी रामअवतार के निर्देशन में थानाधिकारी नारायण लाल और उनकी टीम ने महज कुछ ही दिनों में चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके.

यह भी पढ़ें- जयपुर-भरतपुर-अजमेर-उदयपुर-दौसा समेत एक दर्जन जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close