Rajasthan Weather: राजस्थान में अगले दो दिन बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. जिसकी वजह से प्रदेश में फिर बारिश की संभावना है. हालांकि, एक ओर जहां इस बरसात से आम जन को फिर गर्मी से राहत मिलेगी तो वहीं किसानों की मुसीबत बढ़ने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 3-4 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इस पश्चिमी विक्षोभ का असर आज दोपहर बाद से ही दिखने लगेगा.
आज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट
विभाग के मुताबिक, 2 अप्रैल को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर संभाग के जिलों और आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है. 7-8 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा. इस लिहाज से अप्रैल का पहला सप्ताह बारिश वाला रहेगा.
राजस्थान मौसम अपडेट 1 अप्रैल
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) April 1, 2026
आगामी दिनों में एक के बाद एक और मजबूत पश्चिम विक्षोभ 3-4 अप्रैल को सक्रिय होगा। pic.twitter.com/uNLVuCIocM
ओलावृष्टि की संभावना
नए वेदर सिस्टम का सबसे ज्यादा असर जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग में होगा, यहां पर तेज मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश (40-50Kmph) होने की प्रबल संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है.
किसानों को दिया सुझाव
मौसम विभाग की ओर से किसानों के लिए विशेष सुझाव दिए गए हैं. किसानों से आग्रह है कि खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों, कृषि मंडियों और धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें, जिससे उन्हें भीगने से बचाया जा सके.
पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य के कुछ भागों में आंधी-बारिश दर्ज हुई है. पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश 34mm सांभर, जयपुर में और पश्चिमी राजस्थान के करनपुर, श्रीगंगानगर में 4mm दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान SI भर्ती परीक्षा 2025 पर लटकी तलवार! टालने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर