Rajasthan News: झीलों की नगरी उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पर शुक्रवार का नजारा किसी बड़े सियासी जलसे जैसा था. मौका था पंजाब के राज्यपाल और मेवाड़ के कद्दावर नेता गुलाब चंद कटारिया के तीन दिवसीय प्रवास पर आगमन का. जैसे ही कटारिया के विमान ने रनवे को छुआ, एयरपोर्ट के बाहर और कॉरिडोर में कार्यकर्ताओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि सुरक्षाकर्मियों के लिए पैर रखने तक की जगह बचाना मुश्किल हो गया.
एक घंटे पहले ही 'हाउसफुल' हुआ टर्मिनल
राज्यपाल कटारिया के आने की खबर ने भाजपा कार्यकर्ताओं में ऐसा जोश भरा कि वे उनके लैंड होने से एक घंटे पहले ही एयरपोर्ट टर्मिनल पर डट गए थे. अराइवल गेट से लेकर पार्किंग तक सिर्फ नारों की गूंज सुनाई दे रही थी. जैसे ही कटारिया गेट से बाहर निकले, पूरा माहौल 'गुलाब जी' के नारों से गूंज उठा. पुलिस ने उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया, लेकिन कार्यकर्ताओं की दीवानगी के आगे प्रोटोकॉल भी छोटा नजर आया.

Photo Credit: NDTV Reporter
अपने नेता की एक झलक पाने की बेताबी
एयरपोर्ट के कॉरिडोर में तिल रखने की भी जगह नहीं बची थी. हर कोई अपने नेता की एक झलक पाने और उन्हें उपरणा ओढ़ाने को बेताब दिखा. कार्यकर्ताओं के इस भारी हुजूम को देखकर खुद राज्यपाल भी गदगद नजर आए और उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया. एयरपोर्ट से निकलते ही चित्तौड़गढ़ हाईवे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जो किसी विशाल रैली का अहसास करा रही थी.

Photo Credit: NDTV Reporter
सीधे पहुंचे महादेव के द्वार
एयरपोर्ट पर हुए इस जोरदार शक्ति प्रदर्शन के बाद, राज्यपाल कटारिया सीधे मेवाड़ के आराध्य देव एकलिंग जी महादेव के दर्शन के लिए रवाना हुए. वहां वे भगवान के चरणों में मत्था टेकेंगे और फिर एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस अवसर पर शहर विधायक ताराचंद जैन, वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी और ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा समेत भाजपा के तमाम दिग्गज नेता उनके साथ रहे.
ये भी पढ़ें:- राजस्थान यूनिवर्सिटी में RSS के कार्यक्रम पर रार, ABVP ने कहा- 'विरोध हुआ तो ईंट से ईंट बजा देंगे'