UPSC Topper Anuj Agnihotri: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सर्विसेज परीक्षा 2025 (UPSC CSE 2025) का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. देश की कठिनतम परीक्षाओं में गिनी जानेवाली इस परीक्षा में इस बार 958 उम्मीदवारों को सफलता हासिल हुई है. इस वर्ष का नतीजा राजस्थान के लिए गौरव बनकर आया है क्योंकि इस बार इस यूपीएससी की परीक्षा में राजस्थान के ही अतुल अग्निहोत्री ने अव्वल स्थान प्राप्त किया है. राजस्थान में कोटा के पास चित्तौड़गढ़ जिले के छोटे से शहर रावतभाटा के रहने वाले 26 साल के अनुज अग्निहोत्री ने मेडिकल साइंस की पढ़ाई की है और उसके बाद अब उन्होंने सिविल सेवा में सफलता प्राप्त की है. चलिए आपको अनुज अग्निहोत्री के बारे में और डिटेल जानकारी देते हैं.
अनुज अग्निहोत्री ने अपनी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद एनडीटीवी से बात की और कहा, "मैं अपनी सफलता के पीछे किस्मत को मुख्य कारण मानता हूं."
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
अनुज का इस प्रतिष्ठित परीक्षा में यह तीसरा प्रयास था. अपने पहले प्रयास में, उनका चयन DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) के लिए हुआ था, जहां वे वर्तमान में प्रशिक्षण ले रहे हैं. दूसरे प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचे लेकिन अंतिम परिणामों में उनका नाम नहीं आ सका. लेकिन, तीसरे प्रयास में वह ऑल इंडिया टॉपर बन गए.
आत्म-अनुशासन और दृढ़ता में दृढ़ विश्वास रखने वाले अनुज ने अपनी तैयारी के लिए मुख्य रूप से ऑनलाइन कोचिंग का सहारा लिया और दिल्ली स्थित एन्श्योर आईएएस से साक्षात्कार के लिए मार्गदर्शन प्राप्त किया.
एन्श्योर आईएएस में अनुज को साक्षात्कार की तैयारी के दौरान र्व आईआरएस अधिकारी सचिन जैन ने मार्गदर्शन दिया. उन्होंने बताया कि अनुज हमेशा सीखने के लिए उत्सुक रहता था और सिविल सेवा साक्षात्कारों में हमारे अपने अनुभव ने उसकी बहुत मदद की.

परिणाम आने के बाद अपने परिवार के बीच अनुज अग्निहोत्री
Photo Credit: NDTV
पिता करते हैं परमाणु संयंत्र में काम
अनुज अग्निहोत्री रावतभाटा के रहने वाले हैं जो चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित है. उनके पिता रावतभाटा स्थित परमाणु ऊर्जा संयंत्र (Rajasthan Atomic Power Station) में कर्मचारी हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. उन्होंने एनडीटीवी को अपने परिवार के बारे में बताते हुए कहा,"मेरे परिवार में इससे पहले ना ही कोई डॉक्टर रहा है और ना ही आईएएस."
अनुज ने रावतभाटा के एटमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से 10वीं की परीक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने कोटा के एम.बी. पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की. कोटा से ही उनका मेडिकल प्रवेश परीक्षा में चयन हुआ और उन्होंने जोधपुर एम्स से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की.
अनुज ने अपने एक मॉक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने 2023 में मेडिकल इंटर्नशिप पूरी की और उसके बाद से ही वह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारियों में जुट गए. इस इंटरव्यू में अनुज ने बताया कि उनकी दो हॉबी हैं. वह स्टैंड अप कॉमेडी करते हैं और उन्हें क्रिकेट देखना बहुत पसंद है.
ये भी पढ़ें-: UPSC CSE Result जारी, कोटा के अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप... राजेश्वरी दूसरे और आकाश को तीसरा स्थान