
Arvind Singh Mewar Death: पूर्व राजपरिवार के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ के पिता महेंद्र सिंह मेवाड़ का पिछले साल 10 नंवबर 2024 को निधन हो गया था. महेंद्र सिंह मेवाड़ के अंतिम यात्रा में ना तो उनके भाई अरविंद सिंह मेवाड़ और ना ही भतीजे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ शामिल हुए थे. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने प्रेस में कहा था कि उन्हें सूचना नहीं दी गई थी, इसलिए वो शामिल नहीं हुए. उस दौरान वो भावुक भी हो गए थे.
विश्वराज सिंंह ने जताया शोक
अब आज (16 मार्च) अरविंद सिंह मेवाड़ का भी देहांत हो गया. अरविंद सिंह के देहांत पर उनके भतीजे और नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने शोक जताया है. उन्होंने पत्र जारी करके लिखा, "आज सुबह जानकारी मिली की हमारे काका अरविंद सिंह का देहांत हो गया. एकलिंगनाथजी से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें."

विश्वराज सिंह मेवाड़ ने पत्र जारी करके शोक जताया.
धूणी दर्शन पर हुआ था विवाद
महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के बाद उनके बेटे विश्वराज सिंह मेवाड़ की 26 नवंबर को चित्तौड़गढ़ में पगड़ी दस्तूर की रस्म हुई थी. इसके बाद परंपरा के अनुसार उदयपुर सिटी पैलेस धूणी दर्शन और एकलिंग जी दर्शन के लिए पहुंचे थे. लेकिन घंटों विवाद के बाद भी विश्वराज को सिटी पैलेस में एंट्री नहीं मिली थी. यहां तक की पत्थरबाजी भी हुई थी. तब विश्वराज सिंह मेवाड़ और चचेरे भाई लक्ष्यराज सिंह के बीच विवाद खुलकर सामने आया था. अब सभी के मन में एक सवाल है कि क्या विश्वराज सिंह मेवाड़ अपने चाचा के अंतिम यात्रा में भी शामिल होंगे की नहीं?
शम्भू निवास पर रखा गया अरविंद सिंह का पार्थिव देह
अरविंद सिंह मेवाड़ के पार्थिव देह को उनके निवास स्थान शम्भू निवास में रखा गया है, जहां पर उनके नजदीक रिश्तेदार और करीबी लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. सिटी पैलेस के अंदर से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग सफेद कपड़ों में नजर आ रहे हैं. माहौल गमगीन है और सन्नाटा पसरा हुआ है.
सुबह 7 बजे से होंगे अंतिम दर्शन
अरविंद सिंह मेवाड़ के अंतिम दर्शन सोमवार को सुबह 7 बजे से सिटी पैलेस में होंगे. इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा सुबह 11 बजे रवाना होगी, जो उनके निवास शम्भू पैलेस से शुरू होकर बड़ी पोल, जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, देहली गेट से होकर महासतिया पहुंचेगी.
यह भी पढ़ें: अरविंद सिंह मेवाड़ ने उदयपुर को पर्यटन के क्षेत्र में दिलाई अलग पहचान, वेडिंग के लिए पहली पसंद बने शाही होटल