राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को परीक्षा सामग्री से लदे 8 ट्रक बोर्ड कार्यालय से विभिन्न जिलों के लिए रवाना किए गए. बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ एवं अन्य वरिष्ठ बोर्ड अधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. बोर्ड सचिव ने बताया कि 10वीं की परीक्षा में लगभग 11 लाख परीक्षार्थी और 12वीं की परीक्षा में करीब 9 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे.
मार्च में ही आएंगे परिणाम
बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षाओं के साथ-साथ परिणामों को समय पर जारी करने पर भी विशेष फोकस किया गया है. उन्होंने बताया कि सरकार से 10वीं का परीक्षा परिणाम 20 मार्च तक जारी करने का वादा किया गया है, जबकि 12वीं का परीक्षा परिणाम भी मार्च में ही घोषित किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन से लेकर मूल्यांकन तक पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष रखा जाएगा. बोर्ड स्तर पर हुई एक बड़ी समीक्षा बैठक में परीक्षाओं के आयोजन की अंतिम रूपरेखा तय की गई, जिसमें शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक, जिला शिक्षा अधिकारी सहित 150 से अधिक अधिकारी मौजूद रहे.
नकल पर सख्ती
बोर्ड सचिव ने बताया कि वर्ष 2026 की परीक्षाओं में करीब 20 लाख परीक्षार्थी राज्यभर के लगभग 6195 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे. नकल रोकने के लिए एकल और नोडल परीक्षा केंद्र बंद रखे जाएंगे. संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर 2-2 फ्लाइंग स्क्वॉड और सामान्य केंद्रों पर एक फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात की जाएगी. जरूरत पड़ने पर केंद्रों के आसपास BNS की धारा 163 लागू की जा सकेगी.
सेंटर पर CCTV लगाए जाएंगे
प्रश्नपत्रों के परिवहन के दौरान हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, और जिला परीक्षा संचालन समिति द्वारा हर गतिविधि की वीडियोग्राफी कराई जाएगी. सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. बोर्ड कार्यालय में 5 फरवरी से सेंट्रल कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी. साथ ही संवेदनशील केंद्रों के आसपास रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर भी प्रतिबंध रहेगा.
यह भी पढ़ें: SI भर्ती पेपर लीक मामले में हाइकोर्ट में जवाब देगी SOG, बताएंगे गोपनीय रिपोर्ट कैसे लीक हुई?