Rajasthan News: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मल्लुवास-हरसौरा स्थित तीजा मिल्क प्रोजेक्ट पर छापेमारी कर भारी मात्रा में मिलावटी और खराब पनीर बरामद किया है. इस कार्रवाई से पूरे इलाके के डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया है.
बदबूदार पनीर देख दंग रह गई टीम
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने बताया कि विभाग को लंबे समय से मिलावटी पनीर बनाने की सूचना मिल रही थी. जब खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम तीजा मिल्क प्रोजेक्ट पर पहुंची, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था. निरीक्षण के दौरान करीब 150 किलोग्राम पनीर बेहद खराब और बदबूदार हालत में मिला। अधिकारियों ने जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया.
फर्म को नोटिस, जयपुर लैब भेजे गए सैंपल
कार्रवाई के दौरान फर्म मालिक कुलदीप सिंह यादव मौके पर मौजूद थे. विभाग ने न केवल पनीर को नष्ट किया, बल्कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत पनीर के नमूने भी लिए. पनीर के नमूनों को जांच के लिए जयपुर स्थित लैब भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्लांट में भारी गंदगी पाए जाने पर विभाग ने फर्म को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए हैं.
मसालों पर भी चला प्रशासन का डंडा
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम यहीं नहीं रुकी. हरसौरा गांव में स्थित 'नरेश कुमार पंकज कुमार' नामक फर्म पर भी दबिश दी गई. यहां से काली मिर्च और जीरे के संदिग्ध नमूने लिए गए हैं. विभाग को अंदेशा है कि मसालों में भी मिलावट की जा रही थी.
प्रशासन का 'शुद्ध के लिए युद्ध'
यह पूरी कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. टी. शुभमंगला और जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी के कड़े निर्देशन में की गई. टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे. प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाए या बेचे जा रहे हैं, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें.
ये भी पढ़ें:- फाल्गुन की दूज पर स्वर्ण मुकुट में सजे बाबा रामदेव, दर्शन के लिए लगी 2 KM लंबी कतार; देखें अद्भुत तस्वीरें